शिवपुरी में रफ्तार का कहर, ट्रक ने 4 गौवंश को रौंदा, 3 की मौत

शिवपुरी में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 3 गौवंश की मौत हो गई। इस घटना में एक गाय बुरी तरह घायल हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
Shivpuri

शिवपुरी में हुई एक घटना में रफ्तार के कहर का अंजाम बेजुबान गौवंश को भुगतना पड़ा। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के एनएच 46 सुमेला बाईपास ओवर ब्रिज पर एक ट्रक ने चार गौवंश को रौंद दिया। इनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

घटना से जुड़ी जो जानकारी सामने आई है। उसके मुताबिक एक ट्रक शिवपुरी से गुना की ओर तेज रफ्तार से जा रहा था। उसी ने सड़क किनारे खड़ी गायों को कुचल दिया। मामले की जानकारी जैसे ही सनातनी गौ सेवा समिति की टीम को लगी टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई गाय को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल

हाईवे पर गौवंश के साथ हुए इस हादसे ने एक बार फिर प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुमेला में गायों के लिए गौशाला की सुविधा उपलब्ध है। इसके बावजूद भी गौवंश हाईवे तक पहुंच जाता है। रात के समय में वाहन तेज रफ्तार में होते हैं ऐसे में कई बार गौवंश के दिखाई ना देने या फिर अचानक सामने आने की वजह से हादसे हो जाते हैं। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए कलेक्टर की ओर से गायों को हटाने और उन्हें सुरक्षित जगह पर पहुंचाने के निर्देश भी जारी किए गए थे। इसके बावजूद भी व्यवस्था में किसी तरह का सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।

लगातार हो रहे हादसे

NH 46 के इस इलाके में गौवंश के साथ ये हादसा पहली बार नहीं हुआ है। इसके पहले भी इसी इलाके में सड़क पर बैठे गौवंश को तेज रफ्तार वाहन द्वारा कुचलने की घटनाएं सामने आ चुकी है। इस इलाके में मौजूद जियो पेट्रोल पंप के पास हुई एक घटना में 7 गौवंश वाहन की चपेट में आ गए थे। वहीं गायों को बचाने के चक्कर में एक ट्रक भी पलट गया था। एक अन्य घटना में 3 गौवंश की मौत और दो के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। वहीं एक अन्य घटना में बछड़े की मौत और गाय के घायल होने की घटना सामने आई थी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews