उत्तरप्रदेश (Uttar Pradesh) के सोनभद्र (Sonbhadra) जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया है। जहां पत्थर खदान के पास पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक धंस गया। जिसके बाद काफी ज्यादा मलबा नीचे आ गया। मलबे के नीचे कई मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जता रही है। एक का शव भी मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय 12 से 15 मजदूर स्थल पर मौजूद थे। ये पूरा हादसा ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली इलाके में हुआ, जहां प्रतिदिन पत्थर खनन का काम चलता है। NDRF और SDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि घटना कैसे हुई? इसकी पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कैसे और कहां हुआ ये हादसा?

ब्लास्टिंग के लिए ड्रिल करने के दौरान पत्थर की पहाड़ी दरकने से घटना होने की संभावना जताई जा रही है। ये हादसा कृष्णा माइनिंग वर्क्स, बिल्ली मारकुंडी, प्रो.दिलीप केशरी व मकसूदन सिंह के खदान में हुआ है। जिले में सीएम का कार्यक्रम होने के बावजूद खनन का कार्य चलता रहा।

सीएम योगी को दी गई हादसे की जानकारी

आज सीएम योगी आदित्यनाथ को सोनभद्र का दौरा था। जहां वे करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने गए थे। अधिकारियों ने तत्काल ही मुख्यमंत्री को हादसे की पूरी जानकारी दी। बता दें कि जहां पर ये हादसा हुआ है वहां से 5 किमी दूरी पर ही सीएम की सभा थी। प्रशासन का कहना है कि सीएम तक जानकारी पहुंचा दी गई है और दबे मजदूरों को निकालने के लिए पूरी ताकत के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।