एक तरफ टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज चल रही है तो दूसरी ओर साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ इंडिया ए की टीम दो मैच खेलेगी। ऋषभ पंत की कप्तानी में दोनों मैचों के लिए अलग-अलग टीम चुनी गई है। पहला मैच 30 अक्टूबर से शुरू होने वाला है। दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया के कई दिग्गज खिलाड़ियों को जगह दी गई है लेकिन दोनों मैचों में युवा बल्लेबाज सरफराज खान को नजरअंदाज किया गया है। अब इस पर सियासत गरमा गई है। इंडिया ए में सरफराज खान को जगह नहीं मिलने के कारण कांग्रेस-AIMIM ने जमकर निशाना साधा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने गौतम गंभीर पर बोला हमला
सरफराज खान को इंडिया ए टीम में जगह नहीं मिलने पर कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने गौतम गंभीर को आड़े हाथ लिया है। शमा मोहम्मद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि क्या सरफराज खान का टीम इंडिया में चयन सिर्फ उनके उपनाम की वजह से नहीं हुआ? हम सब जानते हैं कि गौतम गंभीर इस बारे में क्या सोचते हैं।
Is Sarfaraz Khan not selected because of his surname ! #justasking . We know where Gautam Gambhir stands on that matter
— Dr. Shama Mohamed (@drshamamohd) October 22, 2025
AIMIM प्रमुख ने पूछा ये सवाल
सरफराज खान का इंडिया ए में नाम नहीं होने पर अब ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन AIMIM प्रमुख एवं हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा- सरफराज खान को इंडिया ए के लिए भी क्यों नहीं चुना गया?
Why isn’t Sarfaraz Khan selected even for India A? https://t.co/WZQbZjhtrq via @IndianExpress
— Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) October 21, 2025
सपा नेता ने भी साधा निशाना
अब इस मामले में कई विपक्षी नेताओं के बयान सामने आने लगे हैं। अब समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने भी निशाना साधा है। अबू आजमी का कहना है कि “यह सच है कि सभी क्षेत्रों में मुसलमानों का अपमान किया जा रहा है। मुसलमानों को नमाज़ पढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वे बस मुसलमानों को दबाना चाहते हैं. जो खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं, चाहे उनका धर्म कुछ भी हो, उन्हें खेलने का मौका दिया जाना चाहिए।
सरफराज का प्रदर्शन
टीम इंडिया में सरफराज खान का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। सरफराज खान ने भारत के लिए 6 टेस्ट खेले हैं। इसमें 37 की औसत से 371 रन बना चुके हैं। पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में उन्होंने 150 रनों की पारी खेली थी। एक्टिव खिलाड़ियों में दुनिया में सबसे अच्छा औसत सरफराज खान का है।





