Hindi News

आज IPL 2026 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की भिड़ंत, शाम 7:30 बजे से शुरू होगा मैच, वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी नजर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज IPL का नौवां मुकाबला गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच होगा। इस मैच में सभी की निगाहें राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं, जिन्होंने अपने पहले मैच में चेन्नई के खिलाफ तूफानी अर्धशतक जड़ा था।
आज IPL 2026 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की भिड़ंत, शाम 7:30 बजे से शुरू होगा मैच, वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी नजर

अहमदाबाद में आज गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल यह मैच इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का नौवां मैच है, जो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। इस मुकाबले में सभी की निगाहें 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी, जिन्होंने अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ तूफानी अर्धशतक जड़ा था। हालांकि आज उन्हें गुजरात के मजबूत पेस अटैक का सामना करना पड़ेगा, जिसमें कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे तेज गेंदबाज शामिल हैं।

दरअसल 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आज गुजरात टाइटंस के अंतरराष्ट्रीय पेस अटैक के सामने उतरेंगे। वहीं IPL 2026 के अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में 52 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के लगाए थे और महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। ऐसे में आज का मुकाबला उनके लिए बड़ा टेस्ट माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें रबाडा, सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे अनुभवी गेंदबाजों का सामना करना होगा।

दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड देखें

दरअसल राजस्थान रॉयल्स ने अपना पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीता था। वहीं गुजरात टाइटंस को पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दोनों टीमों के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए राजस्थान का आत्मविश्वास ज्यादा मजबूत नजर आ रहा है। वहीं IPL इतिहास में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात टाइटंस ने 6 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स को 2 मुकाबलों में जीत मिली है। पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच दो मैच हुए थे, जिसमें दोनों ने एक-एक मैच जीता था।

शानदार फॉर्म में वैभव सूर्यवंशी

राजस्थान रॉयल्स की सबसे बड़ी ताकत युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का शानदार फॉर्म है। वहीं गुजरात टाइटंस के पास कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की मजबूत तेज गेंदबाजी तिकड़ी है, जो किसी भी बल्लेबाजी क्रम को मुश्किल में डाल सकती है। हालांकि गुजरात की बल्लेबाजी चिंता का विषय रही है। कप्तान शुभमन गिल ने पिछले मैच में 39 रन बनाए थे, लेकिन टीम के अन्य बल्लेबाजों से ज्यादा योगदान नहीं मिल पाया था।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर संतुलित मानी जाती है। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और बाउंस मिलता है, जिससे शुरुआती ओवरों में विकेट गिरने की संभावना रहती है। हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच बल्लेबाजी के लिए आसान हो जाती है।

शाम के मैचों में ओस भी अहम भूमिका निभाती है, जिसके कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना अपेक्षाकृत आसान हो जाता है। यही वजह है कि इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीमें अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती हैं। इस मैदान पर अब तक 44 IPL मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम दोनों ने 22-22 मुकाबले जीते हैं।

मौसम पर डालें नजर

हाल के मैचों में यहां औसत स्कोर 200 से ज्यादा रहा है, इसलिए आज भी हाई स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। आंकड़ों के अनुसार तेज गेंदबाजों को स्पिनर्स की तुलना में ज्यादा सफलता मिली है और पहली पारी में 220 रन का स्कोर सुरक्षित माना जा सकता है। मौसम की बात करें तो अहमदाबाद में मैच के दिन गर्मी ज्यादा रहेगी। शाम के समय भी तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे दर्शकों को पूरे 40 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है।

संभावित प्लेइंग इलेवन

गुजरात टाइटंस- शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा ।

राजस्थान रॉयल्स- यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरन हेटमायर, रवींद्र जडेजा, रवि बिश्नोई, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और संदीप शर्मा और दसुन शनाका।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews