Hindi News

एडन मार्करम के तूफानी 82 रनों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह

Written by:Rishabh Namdev
Published:
दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज पर 9 विकेट की शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। कप्तान एडन मार्करम ने नाबाद 82 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जबकि गेंदबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। इस जीत से भारत की सेमीफाइनल की राह भी पहले से आसान हो गई है।
एडन मार्करम के तूफानी 82 रनों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए एकतरफा मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंदकर सेमीफाइनल में अपना दावा बेहद मजबूत कर लिया है। कप्तान एडन मार्करम के बल्ले से निकले तूफानी नाबाद 82 रनों की बदौलत अफ्रीका ने 177 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। इस बड़ी जीत ने न केवल दक्षिण अफ्रीका को अंतिम चार के करीब पहुंचाया है, बल्कि भारतीय टीम के लिए भी राहत की खबर लेकर आई है।

दक्षिण अफ्रीका की इस जीत से भारत की सेमीफाइनल की राह अब काफी हद तक साफ हो गई है। टीम इंडिया को अब अंतिम चार में पहुंचने के लिए अपने अगले दोनों मुकाबले जीतने होंगे, जिससे उसका काम पहले के मुकाबले सरल हो गया है।

मार्करम और डिकॉक ने की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। क्विंटन डिकॉक और कप्तान एडन मार्करम ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर कहर बरपाते हुए पहले विकेट के लिए सिर्फ 8 ओवर में 95 रन जोड़ दिए। डिकॉक ने 24 गेंदों पर 47 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके आउट होने के बाद भी मार्करम डटे रहे और उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के जड़ते हुए 82 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उनके साथ रायन रिकल्टन 45 रन बनाकर नाबाद रहे।

होल्डर और शेफर्ड ने विंडीज को संकट से उबारा

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही थी। अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने कैरेबियाई टीम ने महज 83 रन पर अपने 7 विकेट खो दिए थे। ऐसा लग रहा था कि टीम 100 रन भी नहीं बना पाएगी।

लेकिन इसके बाद जेसन होल्डर (49) और रोमारियो शेफर्ड (52) ने मोर्चा संभाला। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 89 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को 176 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

एनगिडी और रबाडा ने बरपाया कहर

दक्षिण अफ्रीका के लिए गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट चटकाए। उन्होंने शुरुआत में ही कैरेबियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं, कगिसो रबाडा और कॉर्बिन बॉश ने भी दो-दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ निभाया। गेंदबाजों के इसी प्रदर्शन ने दक्षिण अफ्रीका की जीत की नींव रखी।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews