Hindi News

भारत में कब और कहां देख सकेंगे एशेज सीरीज 2025 का पहला मुकाबला? ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

Written by:Rishabh Namdev
Published:
कल ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पर्थ में एशेज सीरीज 2025 का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला भारत में किस समय देखा जा सकेगा और किस प्लेटफार्म पर देख सकते हैं, चलिए इसकी पूरी जानकारी हम आपको दे रहे हैं। साथ ही दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड भी हम आपको बता रहे हैं।
भारत में कब और कहां देख सकेंगे एशेज सीरीज 2025 का पहला मुकाबला? ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

कल यानी 21 नवंबर 2025 से टेस्ट की सबसे बड़ी श्रृंखला एशेज शुरू हो रही है। यह टेस्ट सीरीज ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जाती है जिसका इंतजार न सिर्फ इन दोनों देशों के क्रिकेट फैंस करते हैं बल्कि पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस करते हैं। पहला मुकाबला पर्थ के ऑप्टस क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले पर क्रिकेट दुनिया की नजर रहेगी। पिछली बार जब दोनों देशों के बीच ऑस्ट्रेलिया में यह सीरीज खेली गई थी, तब ऑस्ट्रेलिया ने 4-0 से सीरीज अपने नाम की थी। लेकिन अब इंग्लैंड की टीम शानदार है और ऑस्ट्रेलिया से बदला ले सकती है।

हालांकि इंग्लैंड के लिए ऑस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं रहेगा। ऑस्ट्रेलिया की पिच इंग्लैंड के मुताबिक ज्यादा चुनौती वाली रहती है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की टीम बड़े खिलाड़ियों से भरी हुई है। हालांकि पैट कमिंस और जोश हेज़लवुड पर्थ में होने वाले टेस्ट का हिस्सा नहीं रहेंगे, लेकिन इंग्लैंड के लिए इसके बावजूद यह मुकाबला आसान नहीं रहेगा।

हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

सबसे पहले दोनों देशों के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो यह सीरीज दोनों ही देशों के लिए कमाल की रही है। अब तक 34 बार ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इस सीरीज को जीता है, तो वहीं 32 बार इंग्लैंड की टीम ने सीरीज अपने नाम की है। दोनों देशों के बीच अब तक 340 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 140 बार ऑस्ट्रेलिया की टीम ने जीत दर्ज की है, तो वहीं 108 मुकाबलों में इंग्लैंड की टीम विजेता रही है। इससे यह समझा जा सकता है कि क्रिकेट वर्ल्ड के लोग इस सीरीज का इंतजार क्यों करते हैं। दोनों ही टीमें टेस्ट क्रिकेट में मजबूती के लिए जानी जाती हैं। जिस प्रकार भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला पूरी दुनिया देखती है, उसी प्रकार टेस्ट में जब भी ये दो बड़ी टीमें आमने-सामने होती हैं, तो क्रिकेट फैंस की नजरें इन पर टिकी रहती हैं।

जानिए कब और कहां देख सकते हैं मुकाबले?

इस सीरीज की चर्चा हर जगह हो रही है। भारत भी इससे अलग नहीं है। भारतीय क्रिकेट फैंस भी सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सभी के मन में यह सवाल उठ रहा है कि भारत में आखिर एशेज सीरीज कब और कहां देखी जा सकेगी। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने वाला पर्थ का पहला मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 7:50 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7:20 बजे किया जाएगा। वहीं, यह सीरीज के मुकाबले जिओ हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देखे जा सकेंगे। इतना ही नहीं, इस सीरीज का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। अगर आपके पास जिओ का सिम कार्ड है, तो आप बिना सब्सक्रिप्शन के भी जिओ हॉटस्टार पर मुकाबला देख सकते हैं।