उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में बड़ी हलचल देखने को मिली है। एक साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा के 10 वरिष्ठ अधिकारियों का स्थानांतरण (UP IAS Transfer) किया गया है। कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। तबादले और नियुक्ति से संबंधित आदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में 20 सितंबर को जारी किया है। इससे पहले राज्य में पीसीएस, आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों का तबादला बड़े पैमाने पर किया गया था।
अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन पद पर डॉ आशीष कुमार गोयल को नियुक्त किया गया। जो पहले ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा के अपर मुख्य सचिव पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और यूपीएसएलडीसी लिमिटेड के अध्यक्ष के साथ-साथ नई दिल्ली अपर स्थानिक आयुक्त पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद और उपभोक्ता मामले के प्रमुख सचिव और खाद्य एवं रसद के आयुक्त पद पर कार्यरत रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और यूपीएसएलडीसी लिमिटेड के अध्यक्ष पद का प्रभाव भी संभालेंगे।
इन अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार मिला
आईएएस अधिकारी अमित गुप्ता प्रमुख सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन को वर्तमान पद के साथ प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा अमृत अभिजात सचिव पर्यटन संस्कृति एवं धर्माथ कार्य को भी वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ अपर मुख्य सचिव परिवहन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इन आईएएस अफसरों का हुआ तबादला
वी. हैकाली, प्रमुख सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन को स्थानांतरित करके प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग पद पर नियुक्त किया गया है। महेंद्र प्रसाद अग्रवाल प्रमुख सचिव शिक्षा को प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन पद की जिम्मेदारी दी गई है। अनिल कुमार प्रमुख सचिव पंचायती राज को प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद, प्रमुख सचिव उपभोक्ता मामले और खाद एवं रसद आयुक्त पर नियुक्त किया गया है।
डॉ एम.के.एस सुंदरम प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन और प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा को प्रमुख सचिव कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, प्रमुख सचिव कृषि विपणन और प्रमुख सचिव कृषि, विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन पद पर नियुक्त किया गया है। आईएएस अधिकारी रविंद्र को प्रमुख सचिव पंचायती राज पद की जिम्मेदारी दी गई है।








