एशिया कप 2025 के दसवें मुकाबले में पाकिस्तान और यूनाइटेड अरब अमीरात की टीमें आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में यूएई की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। यह निर्णय कारगर भी साबित हुआ, दरअसल पाकिस्तान की पूरी टीम मात्र 146 रन ही बना सकी। पाकिस्तान ने 110 रन के स्कोर पर अपने सात विकेट गंवा दिए थे। हालांकि शाहीन शाह अफरीदी ने अंत में 29 रनों की आतिशी पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
अब देखना होगा कि क्या यूएई की टीम पाकिस्तान द्वारा दिए गए लक्ष्य को हासिल कर पाती है या नहीं। अगर यूएई इस मुकाबले में जीत जाती है तो वह सुपर-4 में जगह बना लेगी और पाकिस्तान इस टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। जबकि अगर पाकिस्तान की टीम यह मुकाबला जीत जाती है तो वह सुपर-4 में जगह बनाने की दावेदार बन जाएगी।
ये भी पढ़ें
फखर जमान ने बचाई लाज
पाकिस्तान की बल्लेबाजी बेहद कमजोर रही। मात्र तीन रन के स्कोर पर टीम ने अपना पहला विकेट गंवा दिया। टीम को सैम अयूब के रूप में पहला झटका लगा, जबकि दूसरा झटका साहिबजादा फरहान के रूप में लगा। पाकिस्तान की टीम ने 9 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट भी खो दिया। हालांकि तीसरे विकेट के लिए फखर ज़मान और कप्तान सलमान अली आगा के बीच शानदार साझेदारी हुई। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को 70 के स्कोर तक पहुंचाया। फखर ज़मान ने 36 गेंदों पर 50 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि कप्तान सलमान अली आगा ने 27 गेंदों में 20 रन बनाए।
110 के स्कोर पर पाकिस्तान ने अपने सात विकेट गंवा दिए
वहीं पाकिस्तान की टीम को 70 के स्कोर पर तीसरा बड़ा झटका लगा। कप्तान सलमान अली आगा पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम की विकेटों की झड़ी लग गई। दरअसल 86, 93 और 110 के स्कोर पर पाकिस्तान ने अपने सात विकेट गंवा दिए। हालांकि अंत में शाहीन शाह अफरीदी ने मात्र 14 गेंदों पर 29 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम को 146 के स्कोर तक पहुंचा दिया। शाहीन शाह अफरीदी ने 3 चौके और दो शानदार छक्के लगाए। अब यूएई की टीम को 147 रनों का लक्ष्य दिया गया है।
वहीं यूएई की ओर से सिमरनजीत सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए, जबकि जुनैद सिद्दीकी ने भी तीन अहम विकेट चटकाए।