एशिया कप 2025 में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश जैसी सभी टीमों ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है और तैयारी भी शुरू कर दी है। इस बार एशिया कप टी-20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है। ऐसे में इस टूर्नामेंट में रोहित शर्मा और विराट कोहली नजर नहीं आएंगे, लेकिन भारतीय टीम में कई खिलाड़ी हैं जो खूब धमाल मचा सकते हैं। न सिर्फ भारतीय टीम बल्कि पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी टीमें भी इस बार बेहद मजबूत दिखाई दे रही हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि एशिया कप के इतिहास में कई ऐसी साझेदारियां हुई हैं, जिन्होंने सभी का दिल जीत लिया।
आज हम आपको एशिया कप की कुछ ऐसी साझेदारियों के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने रिकॉर्ड बनाए और जिन्हें अब तक कोई नहीं तोड़ पाया है। चलिए जानते हैं इस लिस्ट में कितने भारतीय खिलाड़ियों का नाम शामिल है।
विराट कोहली और केएल राहुल
जानकारी के लिए बता दें कि एशिया कप के इतिहास में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड विराट कोहली और केएल राहुल के नाम है। दरअसल, 2023 के एशिया कप में इन दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे विकेट के लिए कुल 233 रनों की साझेदारी की थी। अब तक इस रिकॉर्ड को कोई भी बल्लेबाज तोड़ नहीं पाया है। हालांकि 2025 के एशिया कप में यह रिकॉर्ड तोड़ना मुश्किल है क्योंकि इस बार यह टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
नासिर जमशेद और मोहम्मद हफीज
वहीं, इस लिस्ट में दूसरी सबसे सफल साझेदारी पाकिस्तान के नासिर जमशेद और मोहम्मद हफीज के नाम है। इन दोनों खिलाड़ियों ने साल 2012 में भारत की टीम के खिलाफ पहले विकेट के लिए 224 रनों की साझेदारी की थी। एशिया कप में भारत के खिलाफ की गई यह सबसे बड़ी पार्टनरशिप रही है और अब तक कोई टीम इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाई है।
इफ्तिखार अहमद और बाबर आजम
तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी में भी पाकिस्तान के बल्लेबाजों का नाम आता है। बता दें कि पाकिस्तान के इफ्तिखार अहमद और बाबर आजम ने नेपाल के खिलाफ यह कारनामा किया था। बाबर आजम और इफ्तिखार अहमद ने साल 2023 में पांचवें विकेट के लिए 214 रनों की बड़ी साझेदारी की थी।
अजिंक्य रहाणे और विराट कोहली
इस लिस्ट में भारत के दो खिलाड़ियों का नाम भी है। बता दें कि अजिंक्य रहाणे और विराट कोहली ने साल 2014 में बांग्लादेश की टीम के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए 213 रनों की बड़ी साझेदारी की थी। यह साझेदारी एशिया कप की साझेदारियों में पांचवें स्थान पर आती है, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप में यह सबसे बड़ी पार्टनरशिप मानी जाती है।
रोहित शर्मा और शिखर धवन
बता दें कि इस लिस्ट में रोहित शर्मा और शिखर धवन का नाम भी शामिल है। दरअसल, 2018 में इन दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 210 रनों की साझेदारी की थी। भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा और शिखर धवन ने विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया था, जिसके चलते यह साझेदारी छठे स्थान पर आती है।
मोइन खान और एजाज अहमद
सातवीं सबसे सफल साझेदारी पाकिस्तान के बल्लेबाज मोइन खान और एजाज अहमद द्वारा की गई थी। यह पार्टनरशिप 1988 में बांग्लादेश के खिलाफ हुई थी। इन दोनों खिलाड़ियों ने कुल 205 रनों की साझेदारी की थी। अगला नाम इस लिस्ट में विराट कोहली और गौतम गंभीर का है, जिन्होंने साल 2012 में दूसरे विकेट के लिए 205 रनों की साझेदारी की थी। जबकि कुमार संगकारा और सनथ जयसूर्या ने साल 2008 में 201 रनों की बड़ी साझेदारी की थी।






