ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का आगाज एक बड़ी जीत के साथ किया है। टीम ने अपने पहले मुकाबले में ओमान को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों, खासकर एडम जम्पा के सामने ओमान की टीम महज 104 रनों पर सिमट गई। इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड की विस्फोटक साझेदारी ने कंगारू टीम को आसानी से जीत दिला दी।
105 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 9 ओवर में 93 रन जोड़कर मैच को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया। ऑस्ट्रेलिया ने यह लक्ष्य 9.4 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
जम्पा का वर्ल्ड रिकॉर्ड, ओमान 104 पर ढेर
मैच के हीरो लेग स्पिनर एडम जम्पा रहे, जिन्होंने अपनी गेंदबाजी से इतिहास रच दिया। जम्पा ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। यह चौथा मौका था जब उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप की किसी पारी में 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए हों।
इसके साथ ही, जम्पा टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार एक पारी में 4+ विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने शाकिब अल हसन, सईद अजमल, राशिद खान और एनरिक नॉर्त्या (सभी 3-3 बार) को पीछे छोड़ दिया। जम्पा के अलावा ग्लेन मैक्सवेल और जेवियर बार्टलेट ने भी 2-2 विकेट लेकर ओमान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। ओमान की ओर से वसीम अली ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, लेकिन उन्हें किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिला।
मार्श-हेड की तूफानी साझेदारी ने दिलाई आसान जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद दमदार रही। कप्तान मिचेल मार्श ने पहले ही ओवर से ओमान के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्होंने 26 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की और अंत तक नाबाद रहे। मार्श ने 64 रनों की अपनी पारी में शानदार शॉट लगाए।
दूसरे छोर पर ट्रैविस हेड ने भी उनका बखूबी साथ दिया। हेड 32 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक वह मार्श के साथ 93 रनों की साझेदारी कर जीत की नींव रख चुके थे। हेड के आउट होने के बाद जोश इंग्लिस (12*) ने कप्तान के साथ मिलकर जीत की औपचारिकता पूरी की। इंग्लिस ने चौका लगाकर टीम को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाई।






