2007 का टी20 वर्ल्ड कप, जिसमें युवराज सिंह ने इतिहास रचा था, आज तक इस वर्ल्ड कप को कोई नहीं भूल पाया है। युवराज सिंह ने छह छक्के लगाकर सभी को हैरान कर दिया था। स्टुअर्ट ब्रॉड को लगाए गए ये छह छक्के आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। इंग्लैंड की टीम के खिलाफ युवराज सिंह का जलवा देखने को मिला था। लेकिन अब स्टुअर्ट ब्रॉड के पिता ने एक बड़ा खुलासा किया है। दरअसल उन्होंने बताया कि युवराज सिंह की साइन की हुई शर्ट, जो स्टुअर्ट ब्रॉड को गिफ्ट में मिली थी, उसे उन्होंने कूड़ेदान में फेंक दिया था।
यह सुनकर आप भी हैरान रह गए होंगे, लेकिन यह खुलासा खुद स्टुअर्ट ब्रॉड के पिता ने किया है। बता दें कि वह भी एक क्रिकेटर रहे हैं और 1986-87 में इंग्लैंड की जीत में हीरो रहे थे। ऐसे में उनके द्वारा दिए गए इस बयान ने सभी को हैरान कर दिया।
गिफ्ट को कूड़ेदान में फेंक दिया: क्रिस ब्रॉड
दरअसल द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिस ब्रॉड ने खुद बताया कि युवराज सिंह द्वारा छह छक्के लगाने के बाद क्या हुआ था। उनके मुताबिक, जब युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड को छह छक्के लगाए थे, तो स्टुअर्ट ब्रॉड को युवराज सिंह का गिफ्ट बिल्कुल भी पसंद नहीं आया था। उन्होंने कहा, “मैंने भारतीय टीम की जर्सी पर युवराज सिंह का ऑटोग्राफ लिया था और इस जर्सी को स्टुअर्ट को क्रिसमस गिफ्ट के रूप में दिया था। लेकिन जब उसने यह गिफ्ट खोला, तो देखा और कूड़ेदान में फेंक दिया। मुझे लगता है कि छह छक्कों वाली घटना के बाद उसका सेंस ऑफ ह्यूमर जैसे खत्म ही हो गया था।”
शर्ट पर युवराज सिंह ने एक खास मैसेज लिखा था
दरअसल युवराज सिंह ने 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में जब यह छह छक्के लगाए थे, तो इस पर ब्रॉड के पिता भी हैरान रह गए थे। उन्होंने खुलासा किया कि वह उस मुकाबले में मैच रेफरी थे। जब युवराज ने छह छक्के लगाए, तो अगले दिन वह खुद उनके पास गए थे और कहा था, “तुमने मेरे बेटे का करियर जैसे खत्म ही कर दिया, अब तुम्हें यह टी-शर्ट साइन करनी होगी।” उस शर्ट पर युवराज सिंह ने एक खास मैसेज लिखा था “मुझे एक ओवर में पांच छक्के पड़ चुके हैं, मैं जानता हूं कि आप कैसा महसूस कर रहे होंगे। इंग्लैंड क्रिकेट के भविष्य के स्टार को ऑल द बेस्ट।”





