Hindi News

क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, विराट कोहली ने व्यक्त किया शोक, सोशल मीडिया पर शेयर किया भावुक पोस्ट

Written by:Ankita Chourdia
Published:
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार को लिवर कैंसर के कारण निधन हो गया। इस दुखद खबर के बाद विराट कोहली समेत कई दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है। इस बीच, बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि रिंकू वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला सुपर-8 का महत्वपूर्ण मुकाबला नहीं खेलेंगे।
क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, विराट कोहली ने व्यक्त किया शोक, सोशल मीडिया पर शेयर किया भावुक पोस्ट

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शुक्रवार, 27 फरवरी की सुबह उनके पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। इस व्यक्तिगत क्षति के कारण रिंकू वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले सुपर-8 के महत्वपूर्ण मुकाबले में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। उनके पिता लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘करो या मरो’ मुकाबले से बाहर

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम को सुपर-8 का अपना तीसरा मुकाबला 01 मार्च, रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है। यह मैच भारत के लिए एक क्वार्टर फाइनल है, जिसे जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की कि रिंकू इस अहम मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

विराट कोहली ने व्यक्त किया शोक

रिंकू सिंह के पिता के निधन की खबर सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कई दिग्गजों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसी क्रम में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए अपना दुख साझा किया।

“रिंकू के पिता के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। इस मुश्किल वक्त में मेरी हार्दिक प्रार्थनाएं और संवेदनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं। भगवान की कृपा से आपको सदा शक्ति मिले। ओम शांति।”- विराट कोहली

लिवर कैंसर से जूझ रहे थे पिता

जानकारी के मुताबिक, रिंकू के पिता खानचंद सिंह स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। रिंकू भारतीय टीम के साथ दौरे पर थे और गुरुवार (26 फरवरी) को जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए मैच के बाद शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे चेन्नई से ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। हालांकि, उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया था।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews