IPL 2026 में आज दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा। बता दें कि दोनों टीमों के लिए यह इस सीजन का तीसरा मैच है और इस सीजन में वे पहली बार आमने-सामने होंगी। दिल्ली ने अपने दोनों शुरुआती मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की है, जबकि गुजरात को अब तक पहली जीत का इंतजार है।

दरअसल दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन में मजबूत प्रदर्शन किया है। टीम ने अपने दोनों शुरुआती मैच जीते हैं और 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है। दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस को अपने दोनों शुरुआती मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। ऐसे में आज का मुकाबला गुजरात के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि टीम पहली जीत हासिल करने की कोशिश करेगी, जबकि दिल्ली अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

अगर दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आईपीएल में अब तक इनके बीच कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात टाइटंस ने 4 मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने 3 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। पिछले सीजन यानी 2025 में भी दोनों टीमों के बीच दो मैच हुए थे और दोनों में गुजरात ने दिल्ली को हराया था।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस सीजन में समीर रिजवी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दो मैचों में दो अर्धशतक लगाए हैं और कुल 160 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 163.26 रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दिखाता है। गेंदबाजी में T. Natarajan ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और दो मैचों में 4 विकेट लेकर टीम को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है।

कप्तान शुभमन गिल की आज के मैच में वापसी संभव

गुजरात टाइटंस के लिए राहत की खबर यह है कि कप्तान शुभमन गिल की आज के मैच में वापसी संभव है। वह पिछला मैच नहीं खेल पाए थे और उनकी गैरमौजूदगी में रशीद खान ने टीम की कप्तानी की थी। गिल की वापसी से टीम की बल्लेबाजी मजबूत हो सकती है और गुजरात को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। गुजरात के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन भी अच्छी फॉर्म में हैं। उन्होंने इस सीजन के दो मैचों में 86 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 156.36 रहा है। गेंदबाजी में प्रसिद्द कृष्णा ने भी दो मैचों में 4 विकेट लिए हैं और टीम के प्रमुख विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में सामने आए हैं।

पिच रिपोर्ट पर डालें नजर

पिच की बात करें तो अरुण जेटली स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां बड़े स्कोर बनना आम बात है। हालांकि मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को नई गेंद से थोड़ी स्विंग और उछाल मिल सकती है। इस मैदान पर आईपीएल में अब तक 98 मैच खेले गए हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 47 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 50 मैचों में जीत दर्ज की है।

मौसम की बात करें तो दिल्ली में आज हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है और आसमान में बादल छाए रहने की भी संभावना है। बारिश की करीब 57 प्रतिशत संभावना बताई गई है। तापमान 17 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगर बारिश होती है तो मैच प्रभावित हो सकता है और ऐसी स्थिति में डकवर्थ-लुईस नियम लागू किया जा सकता है।

संभावित प्लेइंग इलेवन देखें

संभावित प्लेइंग इलेवन की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की टीम में केएल राहुल, पाथुम निसांका, नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, डेविड मिलर, विपराज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, टी नटराजन और समीर रिजवी शामिल हो सकते हैं।

वहीं गुजरात टाइटन की संभावित टीम में साई सुदर्शन, शुभमन गिल, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगीसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हो सकते हैं।