इंडियन प्रीमियर लीग में आज लगातार दूसरे दिन डबल हेडर खेला जाएगा। दरअसल दिन का दूसरा और सीजन का 11वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। टॉस शाम 7 बजे होगा।
दरअसल इस सीजन में बेंगलुरु ने हैदराबाद को हराकर जीत से शुरुआत की है। वहीं चेन्नई की टीम अपने शुरुआती दोनों मुकाबले हार चुकी है। पॉइंट्स टेबल में आरसीबी इस समय तीसरे स्थान पर है, जबकि सीएसके 10वें नंबर पर है। दिन का पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हैदराबाद में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा।
सीएसके का आरसीबी के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड, 61 प्रतिशत मैच जीते
बेंगलुरु और चेन्नई के बीच अब तक कुल 36 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें चेन्नई ने 22 मैच जीते हैं, जबकि बेंगलुरु को 13 मैचों में जीत मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। इस तरह चेन्नई ने बेंगलुरु के खिलाफ लगभग 61 प्रतिशत मुकाबले जीते हैं। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी दोनों टीमें 12 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। यहां बेंगलुरु ने 6 और चेन्नई ने 5 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले खेले गए थे और दोनों ही बेंगलुरु ने जीते थे। इससे साफ है कि इस मैदान पर मुकाबला अक्सर कड़ा रहता है।
चेन्नई की गेंदबाजी कमजोर कड़ी बनी
चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों ने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन गेंदबाजी टीम की कमजोरी बनकर सामने आई। आयुष म्हात्रे ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अर्धशतक लगाते हुए 43 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 73 रन बनाए थे। कप्तान ऋतुराज गायकवाड ने 28 रन बनाए, जबकि सरफराज खान ने सिर्फ 12 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली थी। शिवम दुबे ने भी नाबाद रहते हुए 27 गेंदों में 45 रन बनाए थे। इन अच्छी पारियों के बावजूद टीम 210 रन का बड़ा लक्ष्य भी बचा नहीं पाई। इससे साफ है कि टीम को अपनी गेंदबाजी में सुधार करना होगा।
आरसीबी के लिए कोहली ने पहले मैच में जड़ी फिफ्टी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए विराट कोहली ने सीजन के पहले मैच में ही अर्धशतक लगाकर शानदार शुरुआत की थी। हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 69 रन की पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 201 रन का लक्ष्य सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया था। गेंदबाजी में जैकब डफी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। आरसीबी के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली रही है और टीम इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी।
बल्लेबाजों की पिच, बेंगलुरु में बड़े स्कोर बनते हैं
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है। यहां बड़े स्कोर बनते हैं और अक्सर लक्ष्य का पीछा भी आसानी से किया जाता है। सीजन के पहले मैच में इसी मैदान पर हैदराबाद ने 202 रन बनाए थे, लेकिन बेंगलुरु ने यह लक्ष्य सिर्फ 16वें ओवर में हासिल कर लिया था।
इस मैदान पर अब तक 101 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 43 मैच जीते हैं, जबकि पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने 54 मैच जीते हैं। चार मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। इससे माना जाता है कि यहां लक्ष्य का पीछा करना थोड़ा आसान रहता है। इस मैदान का सबसे बड़ा टीम स्कोर 287/3 है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बनाया था।
बेंगलुरु में 25 प्रतिशत बारिश की संभावना
आज बेंगलुरु में होने वाले मैच के दौरान बारिश की संभावना भी है। मौसम विभाग के अनुसार करीब 25 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। सुबह के समय धूप के साथ बादल रह सकते हैं। आज बेंगलुरु का तापमान 21 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। हवा की रफ्तार करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। अगर बारिश होती है तो मैच में रुकावट आ सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 12
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित टीम में विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, सुयश शर्मा, देवदत्त पडिक्कल और जैकब बेथेल शामिल हो सकते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स की संभावित टीम में संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद और जैमी ओवरटन शामिल हो सकते हैं।






