भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक किसी न किसी वजह से चर्चा में रहते हैं। सोशल मीडिया पर अक्सर वह अपने विवादित बयान और फनी वीडियो को लेकर सुर्खियां बटोरते हैं, लेकिन अब दिनेश कार्तिक क्रिकेट को लेकर चर्चा बटोर रहे हैं। बता दें कि वह IPL से भी संन्यास का ऐलान कर चुके हैं, मगर अब वह इंटरनेशनल T20 लीग में हिस्सा लेने जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की SA T20 लीग में हिस्सा लिया था।
दिनेश कार्तिक इंटरनेशनल लीग T20 में शारजाह वॉरियर्स की ओर से खेलेंगे। उन्हें विकेटकीपर बल्लेबाज कुशल मेंडिस की जगह टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, इस टीम के कोच उनके साथी और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जेपी ड्यूमिनी हैं। लंबे समय बाद दिनेश कार्तिक को क्रिकेट के मैदान पर देखा जाएगा।
क्या बोले दिनेश कार्तिक?
वहीं, इस लीग से जुड़ने के बाद दिनेश कार्तिक ने कहा कि ‘मैं शारजाह वॉरियर्स टीम से जुड़कर बेहद खुश हूं। मैं DP वर्ल्ड ILT20 टूर्नामेंट के लिए उत्साहित हूं। मैं जानता हूं कि यह एक युवा टीम है जो कुछ खास करने का सपना रखती है। मुझे यहां आकर बेहद खुशी हुई है। शारजाह का स्टेडियम उन प्रतिष्ठित स्टेडियम में से एक रहा है, जहां हर कोई क्रिकेट खेलना चाहता है। शारजाह वॉरियर्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना किसी सपने से कम नहीं है।’ हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है जब दिनेश कार्तिक विदेशी T20 लीग का हिस्सा बने हैं। इससे पहले उन्होंने साउथ अफ्रीका की SA T20 लीग में हिस्सा लिया था, जहां वे पर्ल रॉयल्स के लिए खेले थे। इस दौरान उन्होंने एक पारी में 97 रन बनाए थे।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर कोच रहे हैं
गौरतलब है कि दिनेश कार्तिक इंडियन प्रीमियर लीग से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। IPL 2025 में भी उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बल्लेबाजी कोच के रूप में कार्य किया था। IPL के इतिहास में दिनेश कार्तिक को एक बेहतरीन बल्लेबाज माना जाता रहा है। वहीं, शारजाह वॉरियर्स की टीम में शामिल होने के बाद टीम के कोच जेपी ड्यूमिनी ने कहा कि दिनेश कार्तिक अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। T20 क्रिकेट में उन्होंने महारत हासिल की है। मैं उन्हें अपनी टीम में पाकर बेहद उत्साहित हूं।
करियर पर डालें नजर
वहीं, दिनेश कार्तिक के क्रिकेट करियर पर नजर डाली जाए तो कार्तिक ने 412 T20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 7437 रन बनाए हैं। उन्होंने 136.66 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है और अपने करियर के दौरान 35 अर्धशतक लगाए हैं। जबकि भारत के लिए उन्होंने 60 T20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 686 रन बनाए।






