आईसीसी विमेंस वन डे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 339 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे भारतीय टीम ने 9 गेंद रहते हुए हासिल कर लिया। अब भारतीय टीम 3 नवंबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलेगी। अगर भारतीय टीम इस मुकाबले में जीत दर्ज करती है तो इतिहास में पहली बार भारत विमेंस टीम वन डे विश्व कप अपने नाम कर लेगी।
दरअसल, भारत की ओर से जेमिमा रॉड्रिग्ज ने शानदार पारी खेली। जेमिमा रॉड्रिग्ज ने नाबाद 127 रन बनाए और भारत को जीत दिलाई, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर के बल्ले से 89 रनों की शानदार पारी निकली। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर 167 रनों की पार्टनरशिप की और भारत को जीत के बेहद करीब ले गईं।
164 रनों की शानदार पार्टनरशिप
भारत की पारी पर नजर डाली जाए तो भारत ने मात्र 13 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया था, जबकि 59 के स्कोर पर स्मृति मंधाना भी पवेलियन लौट गईं। लेकिन इसके बाद हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्ज ने कमाल का प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने टिककर बल्लेबाजी की और 164 रनों की शानदार पार्टनरशिप की। हरमनप्रीत के बल्ले से 90 रनों की पारी निकली, वहीं जेमिमा रॉड्रिग्ज ने बाकी बल्लेबाजों के साथ भी लगातार पार्टनरशिप बनाई।
दरअसल, हरमनप्रीत कौर के आउट होने के बाद दीप्ति शर्मा ने जेमिमा रॉड्रिग्ज का साथ दिया और दोनों के बीच 38 रनों की महत्वपूर्ण पार्टनरशिप हुई। इसके बाद जेमिमा ने ऋचा घोष के साथ बीच के ओवरों में भी अच्छी साझेदारी की। अंत में अमनजोत कौर और रॉड्रिग्ज ने मात्र 15 गेंदों में 31 रन जोड़कर भारत को फाइनल में पहुंचा दिया।
फीबी लिचफील्ड ने बनाए 119 रन
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की पारी पर नजर डाली जाए तो उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मात्र 25 रन के स्कोर पर एलिसा हीली का विकेट गंवा दिया था। लेकिन इसके बाद फीबी लिचफील्ड ने शानदार पारी खेलते हुए शतक लगाया। उनके साथ एलिस पेरी ने 77 रन बनाकर 155 रनों की साझेदारी की, जिससे भारत पर दबाव बन गया और ऑस्ट्रेलिया बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही। इसके बाद बेथ मूनी 24 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि एनाबेल सदरलैंड भी तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। वहीं, एश्ले गार्डनर ने 63 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने चार चौके और चार छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 338 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट श्रीचारिणी और दीप्ति शर्मा ने लिए। दोनों ही खिलाड़ियों ने दो-दो विकेट अपने नाम किए, जबकि क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और राधा यादव को एक-एक विकेट हासिल हुआ। ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ी इस मुकाबले में रन आउट हुए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, अमनजोत कौर, जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, क्रांति गौड़, श्रीचारिणी, रेणुका सिंह ठाकुर।
ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैक्ग्रा, किम गार्थ, सोफी मोलिन्यू, अलाना किंग और मेगन शट।





