आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में गजब का मुकाबला देखने को मिला। इंग्लैंड की टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका विमेंस की टीम को मात्र 69 रनों पर ऑल आउट कर दिया और मुकाबला 10 विकेट से जीत लिया। इसी के साथ इंग्लैंड ने इतिहास रच दिया। इंग्लैंड की टीम ने दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप में 10 विकेट से जीत हासिल की है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में 1997 में 10 विकेट से जीत मिली थी। इसके अलावा यह इंग्लैंड विमेंस क्रिकेट के लिए पहली 10 विकेट से जीत है।
मुकाबले पर नजर डाली जाए तो इंग्लैंड विमेंस टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया और साउथ अफ्रीका को बल्लेबाजी के लिए न्योता दिया। साउथ अफ्रीका की टीम सस्ते में ऑल आउट हो गई। इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली लिंसी स्मिथ रहीं। लिंसी स्मिथ ने तीन सफलताएं हासिल कीं। नेट साइवर-ब्रंट, सोफी एक्लेस्टोन और चार्लोट डीन ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं, जबकि लॉरेन बेल ने एक विकेट लिया।
सस्ते में लौटी साउथ अफ्रीका की पूरी टीम
साउथ अफ्रीका की ओर से सबसे ज्यादा रन सैनालो जाफ्टा ने बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को पार नहीं कर सका। टीम की शुरुआत लौरा वोल्वार्ड्ट और तज़मिन ब्रिट्स ने की। दोनों ही खिलाड़ी 5-5 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि सुने लुस 2 रन बनाकर लौटीं। हैरानी की बात है कि साउथ अफ्रीका की ओर से बल्ले से मात्र 61 रन ही बने, जबकि 8 रन एक्स्ट्रा में आए। अफ्रीका की टीम ने 20.4 ओवरों में 69 रन बनाए और अपने सभी विकेट गंवा दिए। इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 70 रनों का लक्ष्य रखा गया।
मात्र 14.1 ओवरों में 73 रन बना दिए
वहीं इस आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की। इंग्लैंड की ओर से टैमी ब्यूमोंट ने 31 रनों की नाबाद पारी खेली, तो वहीं एमी जोन्स ने नाबाद 40 रन बनाए। दोनों ही खिलाड़ियों ने मात्र 14.1 ओवरों में 73 रन बना दिए और मुकाबला 10 विकेट से जीत लिया। वहीं आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप के प्वाइंट्स टेबल पर नजर डाली जाए तो अब इस जीत के साथ इंग्लैंड विमेंस टीम पहले स्थान पर पहुंच गई है। दूसरे पर ऑस्ट्रेलिया, तीसरे पर बांग्लादेश की टीम, चौथे पर भारत और पांचवें नंबर पर श्रीलंका विमेंस टीम है।
इंग्लैंड महिला प्लेइंग इलेवन:
टैमी ब्यूमोंट, एमी जोन्स (डब्ल्यू), हीदर नाइट, नेट साइवर-ब्रंट (सी), सोफिया डंकले, एम्मा लैम्ब, एलिस कैप्सी, चार्लोट डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिंसी स्मिथ, लॉरेन बेल।
दक्षिण अफ्रीका महिला प्लेइंग इलेवन:
लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), तज़मिन ब्रिट्स, सुने लुस, मारिज़ैन कप्प, एनेके बॉश, सिनालो जाफ्टा (डब्ल्यू), क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लर्क, मसाबाता क्लास, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा।






