भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली T20I सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होने जा रहा है। इस सीरीज का पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि पिछले कई दिनों से अटकलें लगाई जा रही थीं कि 13 सितंबर को होने वाले इस मुकाबले के शेड्यूल में बदलाव किया जा सकता है। अब मैच को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

बता दें कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) को मैच रीशेड्यूल करने को लेकर पत्र लिखा गया था। ट्रैफिक पुलिस का कहना था कि BRICS सम्मेलन के दौरान दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हालांकि अब DDCA ने मैच को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। DDCA ने कहा है कि भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला T20I मुकाबला निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 सितंबर को ही खेला जाएगा।

DDCA ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर दी जानकारी

DDCA ने यह जानकारी सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से दी है। DDCA का कहना है कि अरुण जेटली स्टेडियम में 13 सितंबर को होने वाला भारत-अफगानिस्तान पहला T20I मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद DDCA को सभी जरूरी मदद और इंतजामों का भरोसा दिलाया गया है। साथ ही कहा है कि मैच रद्द नहीं होगा।

DDCA को पत्र लिखकर मैच की तारीख बदलने का अनुरोध

दरअसल, दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक BRICS सम्मेलन का आयोजन होना है। इस सम्मेलन में कई देशों के शीर्ष नेताओं और VVIP मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली पुलिस के सामने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। इसी को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ने DDCA को पत्र लिखकर भारत-अफगानिस्तान के बीच होने वाले पहले T20I मुकाबले को किसी अन्य तारीख पर आयोजित करने का अनुरोध किया था।

14 सितंबर को मुकाबला कराने की बात आई थी सामने

बता दें कि भारत-अफगानिस्तान मैच को 14 सितंबर को कराने की बात सामने आई थी। गणेश चतुर्थी के दिन मैच कराने का सुझाव दिया गया था, लेकिन इस पर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ। DDCA ने अब 13 सितंबर को ही मैच कराने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। वहीं सीरीज का दूसरा मुकाबला 15 सितंबर और तीसरा T20I 17 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।