
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भुवनेश्वर कुमार की नेशनल टीम में वापसी पर खुलकर अपनी बात रखी है। दरअसल मोहम्मद शमी का मानना है कि भुवनेश्वर ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है उसके हिसाब से उन्हें बहुत पहले ही टीम इंडिया में मौका मिल जाना चाहिए था। हालांकि खुद शमी भी घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करके वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में और भारतीय टीम में जगह बनाने की चुनौती और अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी बात की है।
दरअसल मोहम्मद शमी इन दिनों घरेलू क्रिकेट में अपनी लय बनाए रखने पर ध्यान दे रहे हैं। वह नेशनल टीम में वापसी के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और घरेलू मुकाबलों में अपनी फिटनेस व प्रदर्शन साबित करने का मौका तलाश रहे हैं। इसी बीच भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टीम में वापसी को लेकर उनसे सवाल पूछा गया। जवाब में शमी ने अपने साथी तेज गेंदबाज की तारीफ की और कहा कि उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें काफी पहले ही टीम में वापस आ जाना चाहिए था।
भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर मोहम्मद शमी का बड़ा बयान
बता दें कि भुवनेश्वर कुमार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किए जाने की खबर के बीच शमी का यह बयान सामने आया है। दरअसल भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी को लेकर मोहम्मद शमी से पूछा गया कि क्या घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने से उनके लिए भी वापसी का रास्ता खुल सकता है। इस पर शमी ने कहा कि भविष्य में क्या होगा यह उन्हें नहीं पता लेकिन मौजूदा समय में घरेलू क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए खुद को तैयार रखने का अच्छा मौका है। वहीं भुवनेश्वर की वापसी पर बात करते हुए शमी ने कहा “जिस तरह उन्होंने प्रदर्शन किया है, नेशनल टीम में उनकी वापसी बहुत पहले हो जानी चाहिए थी।”
रणजी ट्रॉफी में क्यों नहीं खेले मोहम्मद शमी?
दरअसल रणजी ट्रॉफी 2026-27 के दूसरे मैच में बंगाल ने सर्विसेज को 60 रन से हराया। इस मुकाबले में मोहम्मद शमी नहीं खेले। उनके नहीं खेलने को लेकर सवाल उठे लेकिन शमी ने इसकी वजह पिच की स्थिति और टीम में मौजूद युवा खिलाड़ियों को बताया। पत्रकारों से बातचीत में शमी ने कहा कि “कंडीशन देखें, ऐसी विकेट पर खेलने का सवाल नहीं उठता। टीम में कई युवा हैं, जिन्हें अनुभव लेने की जरूरत है। मेरा उद्देश्य है कि जहां टीम को मेरी जरूरत होती है, वहां अपना पूरा 100 प्रतिशत देना।”
घरेलू क्रिकेट को बताया वापसी का अहम रास्ता
वहीं मोहम्मद शमी ने कहा कि घरेलू क्रिकेट का सीजन शुरू हो चुका है और यह खिलाड़ियों के लिए अपनी लय बनाए रखने का अच्छा मौका है। उन्होंने माना कि किसी खिलाड़ी को यह नहीं पता होता कि उसे कब और कहां खेलने का मौका मिल जाए। इसलिए तैयारी जारी रखना जरूरी है। शमी ने कहा, “भविष्य में क्या होगा मुझे नहीं पता, लेकिन मौजूदा हालात इससे बेहतर नहीं हो सकते। घरेलू सीजन शुरू हो चुका है, जो खिलाड़ी के लिए लय पाने का सबसे अच्छा मंच है। मैं मानता हूं कि आप सीनियर हों या जूनियर, आपको दूसरों के लिए मुकाबला कड़ा बनाना चाहिए।”

