भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज का आज आखिरी मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। मुकाबला सुबह 9:00 बजे से शुरू होगा। आज होने वाला मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दरअसल, संभावना है कि यह रोहित शर्मा और विराट कोहली का आखिरी वनडे मुकाबला हो सकता है जो ऑस्ट्रेलिया की धरती पर खेला जाएगा। इसके बाद दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की धरती पर वनडे मुकाबला खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। साथ ही भारत इस सीरीज में 0-2 से पीछे चल रहा है, ऐसे में आज मुकाबला जीतकर सीरीज में खाता खोलना चाहेगा।
विराट कोहली के लिए भी यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। विराट कोहली ने पिछले दो मुकाबलों में शून्य रन बनाए हैं, यानी सीरीज में अब तक उनका खाता भी नहीं खुला है। विराट कोहली आज बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करेंगे और अपने फैंस को एक बार फिर शतक की खुशी देना चाहेंगे।
पहली बार क्लीन स्वीप का खतरा
आज भारतीय टीम पर पहली बार क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। आज तक ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत को वनडे क्रिकेट में क्लीन स्वीप नहीं कर पाई है, लेकिन पिछले दो मुकाबले भारत हार चुका है। ऐसे में अगर आखिरी मुकाबला भी भारत हार जाता है तो ऑस्ट्रेलिया क्लीन स्वीप हासिल कर लेगा। बता दें कि पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को दो विकेट से हराया था, जबकि पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी। हालांकि पहला मुकाबला DLS नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया ने जीता था।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें
दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहद खराब है। पिछले 9 सालों से भारतीय टीम ने यहां कोई भी वनडे मुकाबला नहीं जीता है। आखिरी जीत भारतीय टीम को इस मैदान पर 23 जनवरी 2016 को मिली थी। इसके बाद से भारतीय टीम ने इस मैदान पर तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों में हार का सामना किया है। दोनों टीमों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया की पिचों पर अब तक कुल 56 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 40 मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की है, जबकि मात्र 14 मुकाबले में भारत ने जीत दर्ज की है। दो मैचों का परिणाम नहीं निकला था।
कैसी रहेगी पिच?
वहीं, आज होने वाले मुकाबले की पिच पर नजर डालें तो बता दें कि यह मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा, जहां अक्सर तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। इस मैदान की पिच में ज्यादा घास नहीं होती, जिसका फायदा बल्लेबाज भी उठाते हैं। हालांकि पहली पारी का औसत स्कोर सिर्फ 224 रन है, लेकिन आज का मुकाबला हाई-स्कोरिंग हो सकता है। इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को अतिरिक्त फायदा मिलता है। यहां खेले गए 168 मुकाबलों में से 96 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 64 मुकाबले पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर/कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा/प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कॉनोली, जेवियर बार्टलेट, मिचेल स्टार्क/जैक एडवर्ड्स, एडम जम्पा, नाथन एलिस/जोश हेजलवुड।






