Hindi News

ये है ऑस्ट्रेलिया के सामने भारत की हार के तीन बड़े कारण, इन खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन ने बिगाड़ा गेम!

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। लंबे समय बाद वापसी कर रहे विराट कोहली और रोहित शर्मा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जबकि कप्तान शुभमन गिल का बल्ला भी शांत रहा। चलिए जानते हैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की हार का असली कारण क्या रहा।
ये है ऑस्ट्रेलिया के सामने भारत की हार के तीन बड़े कारण, इन खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन ने बिगाड़ा गेम!

रविवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मुकाबला खेला गया जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से जीत हासिल की। मुकाबले में सबसे ज्यादा मुश्किल बारिश ने खड़ी की। बारिश से बाधित इस मुकाबले को डीएलएस मेथड के चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। हालांकि सभी फैंस के मन में अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर भारत की हार का असली कारण क्या है क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा के खराब प्रदर्शन के चलते भारतीय टीम हारी है या फिर कप्तान शुभमन गिल के कारण टीम को हार मिली है।

बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के साथ हमेशा से ही भारत की कड़ी टक्कर देखने को मिलती है, लेकिन रविवार को खेले गए मुकाबले में एकतरफा जीत दिखाई दी। भारत के गेंदबाज भी ऑस्ट्रेलिया के आगे नाकाम नजर आए, जबकि भारत की बल्लेबाजी भी ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के सामने बिखर गई।

भारत की हार का पहला कारण

दरअसल, भारत की हार का सबसे बड़ा कारण बल्लेबाजी रहा। टीम मुकाबले की शुरुआत में ही नाजुक स्थिति में पहुंच गई थी। मात्र 8 रन के स्कोर पर रोहित शर्मा पवेलियन लौट गए, तो वहीं विराट कोहली शून्य के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल भी 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिससे भारत शुरुआत में ही दबाव में आ गया। भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे टिक नहीं पाए। यही कारण रहा कि टीम 26 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 136 रन ही बना पाई। दरअसल, बारिश के चलते मुकाबले को 26 ओवर का कर दिया गया था, ऐसे में भारतीय टीम बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही। श्रेयस अय्यर भी कुछ खास नहीं कर सके।

दूसरा बड़ा कारण

वहीं दूसरे बड़े कारण पर नजर डालें तो भारत की गेंदबाजी भी बेहद निराशाजनक रही। भारत के किसी भी गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को परेशान नहीं किया। भारत की ओर से केवल अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने एक-एक सफलता हासिल की। शुभमन गिल ने 6 गेंदबाजों को मौका दिया, लेकिन कोई भी गेंदबाज अपना दबाव नहीं बना सका। मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 21 रन दिए, अर्शदीप सिंह ने 5 ओवर में 31 रन लुटाए, नीतीश कुमार रेड्डी ने 2 ओवर में 16 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 2 ओवर में 14 रन दिए, जबकि हर्षित राणा ने 4 ओवर में 27 रन खर्च किए।

तीसरा कारण

तीसरे बड़े कारण के रूप में बारिश रही। ऑस्ट्रेलिया और भारत के मुकाबले में बारिश ने बार-बार बाधा डाली। मुकाबला शुरू होने के कुछ समय बाद ही बारिश आ गई, फिर थोड़े समय के लिए खेल रोका गया। ऐसा लग रहा था कि श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल टीम को संभाल लेंगे, लेकिन बारिश ने फिर से खेल बिगाड़ दिया और श्रेयस अय्यर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मुकाबले को 26 ओवर का कर दिया गया। केएल राहुल के अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका। दरअसल, केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 38 रनों की पारी खेली। कोई अन्य बल्लेबाज टिक नहीं पाया, जिसके चलते भारतीय टीम 26 ओवर में मात्र 136 रन ही बना सकी, जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मात्र 21.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11:

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज।

ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, जोश फिलिपी (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कॉनोली, मिचेल स्टार्क, नाथन एलिस, मैथ्यू कुह्नेमन और जोश हेजलवुड।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews