भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में दूसरा वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम की शानदार वापसी देखने को मिली है। ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जिसके चलते भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए खबर लिखे जाने तक 28.2 ओवर में 130 रन बना लिए थे। टीम अपने दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा चुकी थी। विराट कोहली एक बार फिर शून्य पर आउट हुए, वहीं कप्तान शुभमन गिल भी 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन रोहित शर्मा ने शानदार वापसी की है और श्रेयस अय्यर ने भी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।
दूसरे मुकाबले में रोहित शर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़ा है। खबर लिखे जाने तक रोहित शर्मा नाबाद 90 गेंदों में 68 रन बना चुके थे। अपनी पारी के दौरान उन्होंने पांच चौके और दो शानदार छक्के लगाए थे। वहीं क्रीज पर श्रेयस अय्यर 50 रन बनाकर खेल रहे थे।
विराट कोहली फिर जीरो पर आउट
दरअसल, विराट कोहली ने मात्र चार गेंदों का सामना किया और जेवियर बार्टलेट की गेंद पर आउट हो गए। वहीं कप्तान शुभमन गिल भी 9 रन बनाकर जेवियर बार्टलेट का शिकार बने। शुभमन गिल कवर के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गेंद सीधे मिचेल मार्श के हाथों में चली गई। भारत ने मात्र 17 के स्कोर पर अपना पहला विकेट शुभमन गिल के रूप में गंवाया था, जबकि 17 के स्कोर पर ही विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने शानदार साझेदारी की। दोनों ने 100 रनों से ज्यादा की पार्टनरशिप कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
भारतीय टीम में आज फिर तीन तेज गेंदबाज
जानकारी दे दें कि आज भारतीय टीम में तीन तेज गेंदबाज नजर आ रहे हैं। आज हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज को मौका दिया गया है, जबकि अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी ऑलराउंडर के रूप में चुने गए हैं। बल्लेबाजी में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के साथ विकेटकीपर के रूप में केएल राहुल खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बता दें कि अगर भारत आज का मुकाबला जीत जाता है, तो सीरीज बराबर कर लेगा, और अगर भारत हार जाता है, तो ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज जीत लेगा।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कॉनोली, जेवियर बार्टलेट, मिचेल स्टार्क, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड।






