आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। आज होने वाला यह मुकाबला करारा ओवल गोल्ड कोस्ट के मैदान पर होगा। बता दें कि सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर खड़ी है। ऐसे में आज जो टीम मुकाबला जीतेगी वह सीरीज हारने के संकट को टाल देगी और सीरीज जीतने के लिए एक कदम आगे बढ़ जाएगी। आज होने वाले मुकाबले में दोनों टीमों में बदलाव नजर आ सकते हैं। भारतीय समय अनुसार यह मुकाबला दोपहर 1:45 से शुरू होगा जबकि टॉस 1:15 पर किया जाएगा।
जानकारी दे दें कि भारत ने कुलदीप यादव को अपने स्क्वॉड से रिलीज कर दिया है। ऐसे में आज कुलदीप यादव मुकाबला नहीं खेलेंगे जबकि ऑस्ट्रेलिया ने भी ट्रैविस हेड को अपने स्क्वॉड से रिलीज कर दिया है, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया में भी आज बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। आज ग्लेन मैक्सवेल भी मैदान पर नजर आ सकते हैं। बता दें कि चोट के बाद ग्लेन मैक्सवेल अब वापसी करने जा रहे हैं।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में भारत आगे
इस समय ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती घरेलू सरजमीन पर भारत को टी20 सीरीज हराना है। भारत अब तक ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज नहीं हारा है। दोनों टीमों के बीच अब तक ऑस्ट्रेलिया में 15 मुकाबले खेले गए हैं जिसमें से भारत ने आठ मुकाबले जीते हैं और ऑस्ट्रेलिया के नाम पांच मुकाबले रहे हैं। दोनों टीमों के बीच ऑस्ट्रेलिया में चार सीरीज खेली गईं हैं जिसमें से दो सीरीज भारत ने जीती जबकि दो सीरीज ड्रॉ रही। यानी भारत अब तक ऑस्ट्रेलिया से सीरीज नहीं हारा है। ओवरऑल हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं जिनमें से 21 बार भारत ने जीत हासिल की है और 12 बार ऑस्ट्रेलिया की टीम को जीत मिली है।
अभिषेक शर्मा टॉप स्कोरर
पिछले मुकाबले में भारत के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने बल्ले से कमाल किया था। अभिषेक शर्मा ने अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में 112 रन बना लिए हैं और वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। अभिषेक शर्मा भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत दिलाते हैं और बड़ा स्कोर बनाने में मदद करते हैं। वहीं भारत की ओर से अब तक इस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज में वरुण चक्रवर्ती का नाम है। वरुण चक्रवर्ती ने अब तक तीन मुकाबलों में चार विकेट हासिल किए हैं जिसके चलते वह टॉप गेंदबाज बने हुए हैं।
क्या बारिश होगी आज?
ऑस्ट्रेलिया में आज ग्लेन मैक्सवेल वापसी कर सकते हैं तो वहीं भारत में आज फिर वॉशिंगटन सुंदर कुलदीप यादव की जगह खेलते हुए नजर आएंगे। दरअसल कुलदीप यादव को टेस्ट सीरीज की तैयारी करने के लिए स्क्वॉड से रिलीज किया गया है। आज होने वाले इस मुकाबले पर बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में आज मुकाबला देखने को मिलेगा।
पॉसिबल प्लेइंग-11
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवेन, मार्कस स्टोयनिस, ग्लेन मैक्सवेल, जैवियर बार्टलेट, बेन ड्वारशस, नाथन एलिस और मैथ्यू कुह्नमन।
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।






