भारत और न्यूजीलैंड के बीच राजकोट में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में मेहमान टीम ने शानदार वापसी की। न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। भारत ने पहला मैच जीता था। कीवी टीम की इस जीत के हीरो डेरिल मिचेल और विल यंग रहे, जिनकी पारियों के सामने भारतीय गेंदबाज बेबस नजर आए।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 285 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे न्यूजीलैंड ने आसानी से हासिल कर लिया। इस हार के लिए तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को मुख्य रूप से जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जिनकी एक फील्डिंग की गलती ने मैच का रुख पलट दिया।
एक कैच और मैच पलट गया
मैच का सबसे अहम पल 36वां ओवर था, जब न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 200 रन के करीब था। डेरिल मिचेल 83 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे और टीम इंडिया को विकेट की सख्त तलाश थी। कुलदीप यादव की गेंद पर मिचेल ने एक बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में ऊंची उठ गई।
तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा दौड़कर गेंद के नीचे तो आ गए, लेकिन एक आसान सा कैच उनके हाथों से छिटक गया। इस जीवनदान ने मैच पूरी तरह से न्यूजीलैंड के पक्ष में मोड़ दिया। अगर यह कैच पकड़ लिया जाता तो भारत मैच में वापसी कर सकता था।
मिचेल ने मौके को शतक में बदला
जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए डेरिल मिचेल ने न केवल अपना शतक पूरा किया, बल्कि 131 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे। उन्होंने विल यंग (87) के साथ तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिसने भारत की हार की नींव रखी।
न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास
यह भारतीय धरती पर न्यूजीलैंड का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज है। इससे पहले कीवी टीम ने 2023 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 283 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि 2023 के बाद से भारत के खिलाफ लगातार आठ वनडे हार के बाद न्यूजीलैंड को पहली बार जीत मिली है। अब सीरीज का फैसला आखिरी और निर्णायक मुकाबले में होगा।






