Hindi News

पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार ने पूछा- ‘खुद कप्तानी छोड़ेंगे या बोर्ड हटाएगा?’ जानिए क्या मिला जवाब

Written by:Rishabh Namdev
Published:
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा को प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। एक पत्रकार ने सीधे पूछ लिया कि वह खुद कप्तानी छोड़ेंगे या बोर्ड द्वारा हटाए जाने का इंतजार करेंगे, जिस पर कप्तान ने संयमित जवाब दिया।
पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार ने पूछा- ‘खुद कप्तानी छोड़ेंगे या बोर्ड हटाएगा?’ जानिए क्या मिला जवाब

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का सफर खत्म हो गया है। सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका पर 5 रनों से रोमांचक जीत दर्ज करने के बावजूद, टीम खराब नेट रनरेट के कारण सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। इस निराशाजनक अंत के बाद कप्तान सलमान आगा जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए, तो उन्हें पत्रकारों के बेहद कड़े और सीधे सवालों का सामना करना पड़ा।

इसी दौरान एक पत्रकार ने बिना किसी लाग-लपेट के कप्तान से ऐसा सवाल पूछा, जिसने पूरे माहौल को गंभीर बना दिया। यह सवाल सीधे तौर पर उनकी कप्तानी के भविष्य से जुड़ा था।

‘खुद कप्तानी छोड़ेंगे या हटाए जाएंगे?’

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच एक पत्रकार ने सलमान आगा से बेबाकी से पूछा कि क्या वह टी20 टीम की कप्तानी खुद छोड़ेंगे या फिर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा हटाए जाने का इंतजार करेंगे? यह सवाल पाकिस्तान के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद टीम के प्रदर्शन और नेतृत्व पर उठ रहे सवालों को दर्शाता है।

“अभी मुझे लगता है कि कोई भी फैसला होगा, तो वह इमोशनल होगा। हम वापस जाएंगे, थोड़ा सा टाइम लेंगे 2-4 दिन का, उसके बाद फैसला करेंगे।” — सलमान आगा

इस सीधे सवाल पर सलमान आगा ने आपा नहीं खोया। उन्होंने चेहरे पर हल्की मुस्कान के साथ बहुत सधा हुआ जवाब दिया और कहा कि वह अभी कोई भी भावनात्मक फैसला नहीं लेना चाहते। उन्होंने कहा कि टीम पहले वापस जाएगी और कुछ दिनों के बाद ही इस पर कोई निर्णय लिया जाएगा।

‘डमी’ कप्तान होने के लगे आरोप

मामला यहीं नहीं रुका। एक अन्य पत्रकार ने सलमान आगा पर ‘डमी’ यानी सिर्फ नाम का कप्तान होने का आरोप लगाया। पत्रकार ने पूछा कि क्या टीम के फैसले हेड कोच माइक हेसन ले रहे हैं और क्या उन्हें सिर्फ एक दिखावटी कप्तान के तौर पर पेश किया जा रहा है? इस सवाल में पूर्व कप्तान बाबर आजम की भूमिका पर भी इशारा था।

इस पर सलमान ने सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा, “मैं अगर इसका जवाब न दूं तो आप इसे बेअदबी समझेंगे? एक इंसान के फैसले से टीम नहीं बनती है। सभी के फैसलों का नतीजा होता है। बाबर की इस वर्ल्ड कप में अलग भूमिका थी।”

टूर्नामेंट में कैसा रहा पाकिस्तान का प्रदर्शन

पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में चार में से तीन मैच जीतकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की की थी। उसे एकमात्र हार भारत के खिलाफ मिली थी। हालांकि, सुपर-8 में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, जबकि इंग्लैंड ने उन्हें 2 विकेट से हरा दिया। आखिरी मैच में श्रीलंका को हराने के बावजूद टीम का नेट रनरेट सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए नाकाफी साबित हुआ।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews