गुवाहाटी के मैदान पर भारतीय बल्लेबाजों ने तीसरे टी20 मुकाबले में ऐसा कोहराम मचाया कि न्यूजीलैंड की टीम देखते ही रह गई. भारत ने कीवी टीम को 8 विकेट से रौंदकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 153 रन बनाए थे, जिसे टीम इंडिया ने टी10 के अंदाज में खेलते हुए मात्र 60 गेंदों (10 ओवर) में ही हासिल कर लिया. यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार जीतों में से एक बन गई है.
154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद नाटकीय रही. पारी की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन अपना विकेट गंवा बैठे. इसके बाद क्रीज पर आए ईशान किशन ने भी आक्रामक रुख अपनाया और 13 गेंदों में 28 रन जड़ दिए. हालांकि, असली तूफान आना अभी बाकी था. अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मिलकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली.
अभिषेक शर्मा की रिकॉर्ड तोड़ पारी
युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इस मैच में अपनी बल्लेबाजी से सभी को चौंका दिया. उन्होंने केवल 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. यह अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में भारत की ओर से लगाया गया दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. अभिषेक 20 गेंदों में 68 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे. अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए.
कप्तान सूर्या का लगातार दूसरा अर्धशतक
दूसरी छोर पर खड़े कप्तान सूर्यकुमार यादव भी किसी से पीछे नहीं रहे. उन्होंने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक जड़ा. सूर्या ने महज 26 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 57 रनों की पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई साझेदारी ने न्यूजीलैंड को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया. टीम इंडिया को पावरप्ले के बाद जीत के लिए 84 गेंदों में 60 रन चाहिए थे, जिसे इन दोनों ने अगले 4 ओवरों में ही पूरा कर दिया.
पावरप्ले में वर्ल्ड रिकॉर्ड से चूका भारत
भारतीय टीम ने इस मैच में पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) के दौरान रनों का अंबार लगा दिया. भारतीय बल्लेबाजों ने पहले 6 ओवरों में ही 94 रन बोर्ड पर टांग दिए थे. यह टी20 इतिहास में पावरप्ले का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. इस मामले में विश्व रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है, जिसने पावरप्ले में 95 रन बनाए थे. भारत केवल एक रन से इस विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गया.





