Hindi News

पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी रहेगी भारत की प्लेइंग 11, होने वाला है टीम में बड़ा बदलाव

Written by:Rishabh Namdev
Published:
यूएई से जीतने के बाद अब भारतीय टीम 14 सितंबर को पाकिस्तान की टीम के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। भारत और पाकिस्तान के इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। एशिया कप 2025 में भारतीय टीम बेहद शानदार नजर आ रही है। अब सभी की नजरें पाकिस्तान के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन पर टिकी हुई हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी रहेगी भारत की प्लेइंग 11, होने वाला है टीम में बड़ा बदलाव

इस समय एशिया कप 2025 का भव्य टूर्नामेंट खेला जा रहा है। कुल 8 टीमें ट्रॉफी के लिए संघर्ष कर रही भारतीय टीम ने लीग मैच का अपना पहला मुकाबला यूएई से जीत लिया। भारत ने 9 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। यूएई और भारत के बीच खेले गए मुकाबले में भारत के गेंदबाजों ने शानदार काम किया। यूएई के 8 विकेट मात्र 10 रन देकर ही गिरा दिए। यूएई ने जीत के लिए भारत को मात्र 58 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे भारतीय बल्लेबाजों ने आसानी से हासिल कर लिया।

अब भारतीय टीम 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। यूएई से मिली जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों के पास भरपूर आत्मविश्वास रहेगा। हालांकि भारतीय टीम ने पाकिस्तान से बड़े टूर्नामेंट में हमेशा ही जीत हासिल की है, लेकिन इस मैच का दबाव दोनों तरफ देखने को मिलता है।

बल्लेबाजों को नहीं मिल पाया मौका

17 साल बाद भारतीय टीम विराट कोहली और रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में एशिया कप के टूर्नामेंट में खेल रही है। यह दोनों खिलाड़ी जब भी मैदान पर होते हैं, तो पाकिस्तान के गेंदबाजों को डर सताता है। हालांकि फिलहाल ये दोनों खिलाड़ी मैदान पर नजर नहीं आएंगे, लेकिन भारतीय टीम के पास कई खिलाड़ी हैं जो पाकिस्तान को मुश्किल में डाल सकते हैं। भारत के पास शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन क्या रहेगी यह देखना दिलचस्प रहेगा। यूएई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बाकी बल्लेबाजों को मौका नहीं मिला। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने ही मुकाबला जिता दिया।

पहले मैच में गेंदबाजों का कहर

एशिया कप के पहले मुकाबले में भारतीय टीम के गेंदबाजों ने कमाल कर दिखाया था। ऐसे में क्या यही खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ भी खेलते हुए नजर आएंगे? दरअसल पाकिस्तान एक मजबूत टीम मानी जाती है। ऐसे में पाकिस्तान के सामने बल्लेबाजी को मजबूत करना भारतीय टीम के लिए बेहद जरूरी रहेगा। हालांकि यूएई के खिलाफ ज्यादा बल्लेबाजों को खेलने का मौका नहीं मिला। जबकि गेंदबाजी की बात करें तो यूएई के खिलाफ अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया था। टीम में कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को मौका दिया गया था। ऐसे में क्या एक बार फिर भारतीय टीम तीन स्पिनरों के साथ मैदान पर उतरेगी?

पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी रह सकती है प्लेईंग 11

अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, संजू सैमसन(विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।