Hindi News

IND vs SA: तीसरे दिन का खेल समाप्त! टीम इंडिया 201 रन पर ऑलआउट, मजबूत स्थिति में साउथ अफ्रीका

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का आज तीसरा दिन है। अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 489 का स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में टीम इंडिया बल्लेबाजी करने उतरी लेकिन 201 पर सिमट गई।
IND vs SA: तीसरे दिन का खेल समाप्त! टीम इंडिया 201 रन पर ऑलआउट, मजबूत स्थिति में साउथ अफ्रीका

IND Vs SA Live Score

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का आज तीसरा दिन है। अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम के गेंदबाजों को आईना दिखाया और पहली पारी में 489 का स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में टीम इंडिया बल्लेबाजी करने उतरी लेकिन 201 पर सिमट गई। फिलहाल दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी जारी है। साउथ अफ्रीका ने भारत को फॉलोऑन नहीं दिया।

बता दें कि तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 26 रन बना लिए हैं। रिकेल्टन 13 और मार्करम 12 रन बनाकर नाबाद है। अफ्रीका को पहली पारी के आधार पर 288 रन की बढ़त मिली थी। ऐसे में मेहमान टीम की कुल बढ़त 314 रन की हो चुकी है।

भारतीय टीम का पहली पारी में प्रदर्शन

टीम इंडिया के लिए यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए, जबकि सुंदर ने 48 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चला। केएल राहुल 22 रन, साई सुदर्शन 15 रन, कप्तान ऋषभ पंत सात रन, रवींद्र जडेजा छह रन और नीतीश रेड्डी 10 रन बनाकर आउट हुए। 95 पर एक विकेट के बाद 122 रन तक आते आते भारत ने सात विकेट गंवा दिए। ध्रुव जुरेल खाता भी नहीं खोल सके।

इसके बाद सुंदर ने कुलदीप यादव के साथ 72 रन की साझेदारी निभाई। सुंदर के आउट होते ही टीम 201 रन पर सिमट गई। कुलदीप 19 रन और बुमराह पांच रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से यानसेन ने छह विकेट लिए, जबकि साइमन हार्मर को तीन विकेट मिले। वहीं केशव महाराज के खाते में 1 विकेट आया।

मुथुसामी का पहली पारी में शतक

मुकाबले में साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। साउथ अफ्रीका की पहली पारी में सेनुरन मुथुसामी ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया। मुथुसामी ने 206 बॉल पर 109 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे। मुथुसामी के इंटरनेशनल करियर का ये पहला शतक रहा।

वहीं मेहमान टीम के लिए मार्को जानसेन ने तो तूफानी बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। मार्को जानसेन ने 7 छक्के और 6 चौके की मदद से 91 गेंदों का सामना करते हुए 93 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स (49 रन), काइल वेरेने (45 रन), टेम्बा बावुमा (41 रन), एडेन मार्करम (38 रन) और रयान रिकेल्टन (35 रन) ने भी बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया।

टीम इंडिया की प्लेइंग 11

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

साउथ अफ्रीका की प्लेइंग 11

एडन मार्क्रम, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, टोनी डी ज़ोरज़ी, टेम्बा बावुमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेन (विकेटकीपर), मार्को यानसन, सेनुरन मुथुसामी, साइमन हार्मर, केशव महाराज।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews