भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें आज टेस्ट क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने हैं। दोनों टीमों के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया है। हालांकि शुरुआत साउथ अफ्रीका की इतनी अच्छी नहीं रही। एडेन मार्करम और रियान रिकेल्टन दोनों ही पवेलियन लौट चुके हैं। हालांकि दोनों खिलाड़ियों ने टीम को अच्छी शुरुआत दी और मार्करम ने 31 रन की पारी खेली जबकि रिकेल्टन 23 रन बनाकर आउट हुए।
खबर लिखे जाने तक साउथ अफ्रीका की टीम ने 62 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। क्रीज पर खाया ज़ोंडो जीरो रन बनाकर और तेम्बा बावुमा जीरो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। वहीं भारत की ओर से अब तक सभी गेंदबाजों ने अच्छी सधी हुई गेंदबाजी की है।
अब तक के मुकाबले पर नजर डालें
भारत की ओर से दोनों विकेट जसप्रीत बुमराह ने हासिल किए हैं। जसप्रीत बुमराह ने अब तक छह ओवर डाले हैं जिनमें चार मेडन ओवर डालते हुए 9 रन देकर दो विकेट हासिल किए हैं। अब तक मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने गेंदबाजी की है हालांकि इन तीनों खिलाड़ियों को विकेट नहीं मिले हैं। अक्षर पटेल ने अब तक तीन ओवर डाले हैं जिनमें 20 रन दिए हैं जबकि मोहम्मद सिराज ने 3 ओवर में 25 रन दे दिए हैं। कुल 13 ओवर का खेल खेला गया है। साउथ अफ्रीका की टीम भी मुकाबले में अच्छी नजर आ रही है हालांकि भारतीय गेंदबाज अफ्रीकी बल्लेबाजों को रन नहीं देने दे रहे हैं। साउथ अफ्रीका की टीम ने अपना पहला विकेट 57 के स्कोर पर खोया था। रियान रिकेल्टन जसप्रीत बुमराह के शिकार बने थे और उसके बाद अफ्रीका की टीम ने मात्र 62 रनों के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट भी गंवा दिया।
कितने स्पिन गेंदबाजों के कॉम्बिनेशन के साथ मैदान में उतरी भारतीय टीम?
प्लेइंग 11 पर नजर डाली जाए तो एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम चार स्पिन गेंदबाजों के कॉम्बिनेशन के साथ मैदान में उतरी है। दरअसल टीम में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर नजर आ रहे हैं। भारतीय टीम ने ऑलराउंडर्स पर ज्यादा भरोसा जताया है। वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल बल्लेबाजी में भी कमाल कर सकते हैं जबकि तेज गेंदबाजी में भारत के पास दो खिलाड़ी नजर आ रहे हैं जिनमें जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का नाम है। मुख्य बल्लेबाजी पर नजर डाली जाए तो चार खिलाड़ी दिखाई दे रहे हैं जिनमें यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत शामिल हैं। साउथ अफ्रीका की टीम भी संतुलित नजर आ रही है। टीम में कगिसो रबाडा और मार्को यान्सन तेज गेंदबाज के रूप में खेल रहे हैं जबकि एडेन मार्करम भी अच्छी गेंदबाजी कर लेते हैं और केशव महाराज टीम को स्पिन गेंदबाजी में मजबूती दे रहे हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह।
साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम, टोनी डी जॉर्जी, रियान रिकल्टन, टेम्बा बावुमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरिने (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, साइमन हार्मर, केशव महाराज, मार्को यानसन और कॉर्बिन बॉस।





