साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। बीसीसीआई की ओर से घोषित इस टीम में ऋषभ पंत की वापसी हुई है। करीब 3 महीने बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम में लौट रहे हैं। फिलहाल भारत ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है और इस समय दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज खेली जा रही है। भारत और ऑस्ट्रेलिया सीरीज इस समय 1-1 की बराबरी पर खड़ी है। लेकिन इस सीरीज के बाद भारतीय टीम घरेलू सीरीज खेलेगी जिसमें साउथ अफ्रीका का सामना होना है।
बीसीसीआई की ओर से बुधवार शाम को टीम जारी की गई। इस टीम में ऋषभ पंत के अलावा नारायण जगदीशन को भी जगह दी गई है। तेज गेंदबाज के तौर पर आकाशदीप को मौका मिला है, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर कर दिया गया है। चलिए जानते हैं साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए भारतीय टीम में किन खिलाड़ियों को जगह मिली है।
इन खिलाड़ियों को मिला मौका
साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम पर नजर डाली जाए तो इसमें यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल एक बार फिर ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर नजर आ रहे हैं। जबकि केएल राहुल, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल भी इस टीम में शामिल हैं। पडिक्कल को एक बार फिर मौका दिया गया है। टीम में ध्रुव जुरेल भी शामिल हैं, जिसके चलते बल्लेबाजी मजबूत दिखाई दे रही है। हालांकि एक बार फिर भारतीय टीम में अनुभव की कमी नजर आ रही है। रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले अजिंक्य रहाणे को एक बार फिर इग्नोर किया गया है। वहीं करुण नायर भी टीम में शामिल नहीं हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए बेहद अहम है सीरीज
साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज भारत के लिए कई मायनों में अहम होने वाली है। बता दें कि यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के चक्र के अंतर्गत होगी। ऐसे में भारत के लिए इसमें जीत हासिल करना बेहद जरूरी है। 2025 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साउथ अफ्रीका की टीम ने अपने नाम की थी। साल 2000 में साउथ अफ्रीका की टीम ने भारत में दो टेस्ट मैचों की सीरीज को 2-0 से जीता था। इतना ही नहीं, साल 2008 और 2010 में भी साउथ अफ्रीका ने सीरीज को ड्रॉ कराया था। ऐसे में भारत के लिए यह सीरीज आसान नहीं होगी। हालांकि विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका को 3-0 से हराया था। साल 2019 में दोनों टीमों के बीच आखिरी बार भारत में टेस्ट सीरीज खेली गई थी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान व विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और आकाश दीप।






