Hindi News

आज IPL 2026 में RCB vs PBKS के बीच मुकाबला, पिछले 15 साल से बेंगलुरु को नहीं हरा सकी पंजाब की टीम

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आईपीएल 2026 में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच धर्मशाला में टक्कर होगी। दरअसल बेंगलुरु लगातार दो जीत से आत्मविश्वास में है, वहीं पंजाब पर लगातार हार का दबाव देखने को मिल रहा है।
आज IPL 2026 में RCB vs PBKS के बीच मुकाबला, पिछले 15 साल से बेंगलुरु को नहीं हरा सकी पंजाब की टीम

धर्मशाला के HPCA मैदान पर आज दोपहर 3:30 बजे से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल का एक अहम मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल इस मैदान पर पंजाब की टीम पिछले 15 साल से बेंगलुरु को हरा नहीं सकी है। पंजाब को आखिरी जीत साल 2011 में मिली थी, जबकि 2024 के मुकाबले में वह बेंगलुरु से 60 रन से हार गई थी।

दरअसल यह मुकाबला फॉर्म और दबाव का मिश्रण माना जा रहा है। बेंगलुरु की टीम लगातार दो मैच जीतकर प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी है, जबकि पंजाब लगातार पांच हार के बाद गहरे दबाव में है। पिछले सीजन में बेंगलुरु ने पंजाब को तीन बार हराया था, जिससे इस बार पंजाब के पास घरेलू मैदान पर हिसाब बराबर करने का मौका है।

हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में भी बेंगलुरु का पलड़ा भारी

वहीं हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में भी बेंगलुरु का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 37 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 19 मुकाबले बेंगलुरु ने जीते हैं और 18 में पंजाब को जीत मिली है। बेंगलुरु के टॉप स्कोरर ओपनर विराट कोहली हैं। उन्होंने 12 मैचों में 165.75 के स्ट्राइक रेट से 484 रन बनाए हैं। आज वह 500 रन का आंकड़ा पार कर सकते हैं। पिछले मैच में कोलकाता के खिलाफ कोहली ने 60 गेंदों पर नाबाद 105 रन की शानदार पारी खेली थी। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार 22 विकेट के साथ टॉप विकेट टेकर्स की लिस्ट में पहले नंबर पर हैं।

प्रभसिमरन सिंह शानदार फॉर्म में

पंजाब की ओर से ओपनर प्रभसिमरन सिंह इस सीजन के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 12 मैचों में 5 अर्धशतकों के साथ 439 रन बनाए हैं। पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ भी उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी। अर्शदीप सिंह 13 विकेट के साथ टीम के टॉप विकेट टेकर हैं, हालांकि इस सीजन में उनकी इकोनॉमी 9.69 रही है। अन्य तेज गेंदबाजों में मार्को यानसन ने 7 और विजयकुमार वैशाख ने 9 विकेट लिए हैं।

विराट कोहली का बल्ला जमकर बोल रहा

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम सभी विभागों में मजबूत नजर आती है। टॉप ऑर्डर में विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल और रजत पाटीदार लगातार रन बना रहे हैं। क्रुणाल पंड्या भी टीम के लिए अहम योगदान दे रहे हैं। हालांकि, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल और शेफर्ड की फॉर्म अच्छी नहीं चल रही है। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड लगातार विकेट चटका रहे हैं।

पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी कमजोरी

पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी कमजोरी डेथ ओवर्स की गेंदबाजी रही है। इस मैदान पर टीम दो मैचों में 210 और 200 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर पाई, क्योंकि आखिरी पांच ओवरों में गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए। आईपीएल इतिहास में 200 से ज्यादा रन बनाने के बाद सबसे ज्यादा 10 मैच हारने का अनचाहा रिकॉर्ड भी पंजाब के नाम है। हालांकि, टीम की बल्लेबाजी ने सीजन की शुरुआत में दमदार प्रदर्शन किया था। 25 अप्रैल को दिल्ली के खिलाफ टूर्नामेंट का सबसे बड़ा टारगेट 264 रन भी चेज किया था। कप्तान श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह दोनों ही 5-5 अर्धशतक लगा चुके हैं।

पिच रिपोर्ट

धर्मशाला के HPCA मैदान पर इस साल खूब रन बने हैं, जिससे आज एक हाईस्कोर मैच की उम्मीद है। यहां अब तक खेले गए दोनों मैचों में 200 या उससे ज्यादा का स्कोर बना है। दोनों बार टॉस जीतने वाली टीम ने पहले गेंदबाजी करके लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया है। रविवार को धर्मशाला में बारिश के कोई आसार नहीं हैं, जिससे दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिलेगा।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI इस प्रकार है:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, वेंकटेस अय्यर, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और जैकब डफी। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर रसिख सलाम को देखा जा सकता है।

पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, विजयकुमार वैशाख, मार्को यानसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में विष्णु विनोद मैदान पर उतर सकते हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews