आईपीएल 2026 में आज दिल्ली कैपिटल्स के लिए करो या मरो की स्थिति है। अरुण जेटली स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे कोलकाता नाइट राइडर्स से उनका मुकाबला होगा। प्लेऑफ की दौड़ में अपनी उम्मीदें बनाए रखने के लिए दिल्ली को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। टीम दस मैचों में आठ अंकों के साथ फिलहाल सातवें स्थान पर है। उसे अगर अगले दौर में पहुंचना है, तो बाकी बचे सभी चारों मुकाबले जीतने होंगे। वहीं, आठवें नंबर पर मौजूद कोलकाता नाइट राइडर्स को भी प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अपने सभी पांच मैच जीतने होंगे।
जानकारी दे दें कि दोनों टीमें आईपीएल में अब तक 34 बार आमने-सामने आई हैं। इनमें से दिल्ली ने 14 और कोलकाता ने 19 मैच जीते हैं। वहीं एक मैच टाई रहा था, जिसे दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नाम किया था। पिछले सीजन में भी कोलकाता ने दिल्ली को हराया था।
बल्लेबाजी बनी दिल्ली के लिए चिंता का विषय
दरअसल दिल्ली का मैनेजमेंट अपनी बल्लेबाजी को लेकर चिंतित है। पिछले कुछ मैचों में जब भी पिच से गेंदबाजों को मदद मिली, दिल्ली का शीर्ष क्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ टीम एक समय नौ रन पर छह विकेट गंवा चुकी थी। गुजरात टाइटंस के राशिद खान और चेन्नई के स्पिनर्स के सामने भी दिल्ली के बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे। टीम को लगता है कि सपाट पिच पर ही बल्लेबाज खुलकर रन बना पाएंगे। इस सीजन में केएल राहुल ने 445 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 180 के करीब रहा है। वह टीम के शीर्ष रन स्कोरर हैं।
दिल्ली की गेंदबाजी इस सीजन में कमजोर कड़ी साबित हुई है। मुख्य स्पिनर कुलदीप यादव अपने करियर के खराब दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने दस मैचों में सिर्फ सात विकेट लिए हैं और दस से ज्यादा की इकॉनमी से रन दिए हैं। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार, टी नटराजन और आकिब नबी डार का इकॉनमी रेट 11 से 13 के बीच रहा है। कप्तान अक्षर पटेल नौ विकेट के साथ टीम के शीर्ष विकेट टेकर हैं, उनके अलावा कोई भी गेंदबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका है।
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए स्पिनर्स कर रहे शानदार काम
दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए स्पिनर्स लगातार विकेट निकाल रहे हैं। वरुण चक्रवर्ती के नाम दस और सुनील नरेन के नाम नौ विकेट हैं। हालांकि, कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी की सलामी जोड़ी टीम को अपेक्षित शुरुआत नहीं दे पा रही है। रिंकू सिंह को छोड़कर मध्यक्रम में भी निरंतरता की कमी रही है। कोलकाता को मैच जीतने के लिए बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी।
पिच रिपोर्ट पर डालें नजर
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच आईपीएल में बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। सपाट पिच और छोटी बाउंड्री (60-66 मीटर) के कारण यहां अक्सर हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं। हालांकि, पिछले दो मैचों के नतीजे कुछ अलग रहे हैं। इस पिच पर आईपीएल के कुल 101 मैच खेले गए हैं। इनमें से 48 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 52 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने बाजी मारी है। एक मैच रद्द भी हुआ है। शुक्रवार को दिल्ली में मैच के दौरान तापमान लगभग 28 डिग्री से 32 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI इस प्रकार है:
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन और समीर रिजवी।
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा और फिन एलन।






