आज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का चौथा मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। दरअसल यह मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। वहीं इस सीजन में दोनों टीमों का यह पहला मुकाबला होगा, वहीं आईपीएल के इतिहास में यह उनका सातवां मुकाबला है। अब तक खेले गए छह मुकाबलों में दोनों टीमों ने तीन-तीन मैच जीतकर बराबरी पर हैं, जिससे आज का मैच और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

दरअसल गुजरात टाइटंस ने अपने डेब्यू सीजन 2022 में ही आईपीएल का खिताब जीता था, जबकि पिछले सीजन वह चौथे स्थान पर रही थी। वहीं, पंजाब किंग्स को अब भी अपने पहले आईपीएल खिताब का इंतजार है। टीम हर साल मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद करती है, लेकिन अब तक ट्रॉफी उनके हाथ नहीं लगी है। आज वे इस इंतजार को खत्म करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाना चाहेंगे।

दोनों टीमों के बीच सातवां मुकाबला

वहीं आईपीएल के मंच पर पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक छह बार आमना-सामना हुआ है। दोनों ही टीमों ने तीन-तीन मुकाबले जीतकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। न्यू चंडीगढ़ के इसी स्टेडियम में दोनों टीमें एक बार पहले भी भिड़ी थीं, जिसमें गुजरात ने पंजाब को 3 विकेट से हराया था। दोनों की पिछली भिड़ंत में से एक में पंजाब ने गुजरात को 11 रन से मात दी थी, जिससे पता चलता है कि यह मुकाबला हमेशा करीबी रहा है।

टीम अपडेट: फर्ग्यूसन शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे

दरअसल पंजाब किंग्स के लिए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन पैटर्निटी लीव के कारण शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह टीम जैवियर बार्टलेट या बेन ड्वारशस जैसे खिलाड़ियों को मौका दे सकती है। यह पंजाब के तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए एक चुनौती हो सकती है, लेकिन टीम के पास गहराई है।

पंजाब की टीम इस सीजन भी काफी मजबूत दिख रही है। टॉप ऑर्डर में प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की ओपनिंग जोड़ी से टीम को एक बार फिर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। मिडिल ऑर्डर में शशांक सिंह और नेहल वढेरा जैसे खिलाड़ी हैं, जो पारी को गति दे सकते हैं। मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन और अजमतुल्लाह ओमरजई जैसे ऑलराउंडर बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देने की क्षमता रखते हैं, जिससे टीम को संतुलन मिलता है।

पिच रिपोर्ट: मुल्लांपुर में स्ट्रोक खेलना आसान

दरअसल महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम की पिच को आमतौर पर बैलेंस्ड माना जाता है, जहाँ बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को मदद मिलती है। शुरुआत में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग और बाउंस मिल सकता है, जो बल्लेबाजों के लिए शुरुआती ओवरों में चुनौती पेश कर सकता है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर होती जाती है और स्ट्रोक खेलना आसान हो जाता है, जिससे बड़े स्कोर बनने की संभावना रहती है।

इस मैदान पर अब तक 11 आईपीएल मैच खेले गए हैं। इनमें से 6 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 5 मैच बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों के नाम रहे हैं। यहाँ का हाईएस्ट टीम स्कोर 228/5 है, जो इस बात का सबूत है कि पिच पर बड़े रन बन सकते हैं।

मुल्लांपुर में बारिश की आशंका

वहीं मौसम विभाग ने मंगलवार को मुल्लांपुर में बारिश की 25% आशंका जताई है। अगर बारिश होती है, तो मैच बाधित हो सकता है या ओवरों में कटौती हो सकती है। तापमान 18 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे खिलाड़ियों को उमस भरे मौसम का भी सामना करना पड़ सकता है।

मैच कहाँ देख सकते हैं?

आईपीएल मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी। इसके अलावा, मैच के स्कोर और सभी अपडेट दैनिक भास्कर ऐप पर भी देखे जा सकते हैं।