Hindi News

IPL 2026 में आज पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला, PBKS को क्वालीफाई करने के लिए बड़े अंतर से जीतना जरूरी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आईपीएल 2026 में शनिवार को पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल पंजाब के लिए यह 'करो या मरो' की स्थिति है, जबकि लखनऊ पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
IPL 2026 में आज पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला, PBKS को क्वालीफाई करने के लिए बड़े अंतर से जीतना जरूरी

आईपीएल 2026 के मौजूदा सीजन में लगातार हार का सामना कर रही पंजाब किंग्स के लिए शनिवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है, जब उसका सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। दरअसल यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। वहीं पहले हाफ में 7 में से 6 मैच जीतने वाली पंजाब किंग्स अब लगातार 6 मुकाबले हार चुकी है, जिससे उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं और यह मैच उसके लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति लेकर आया है। इस मैच में जीत के बाद भी पंजाब को रविवार के अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा, जबकि दूसरी तरफ लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।

दरअसल आईपीएल के इतिहास में दोनों टीमें आठवीं बार एक-दूसरे से भिड़ेंगी। इससे पहले वे 7 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें लखनऊ ने 3 और पंजाब ने 4 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा था। इस सीजन में भी दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी और पहले मुकाबले में पंजाब ने अपने घरेलू मैदान पर लखनऊ को शिकस्त दी थी।

मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की शानदार फॉर्म में

लखनऊ के लिए सबसे बड़ी राहत मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की शानदार फॉर्म है। पिछले मैच में इन दोनों बल्लेबाजों ने 8.2 ओवरों में 109 रन की बेहतरीन साझेदारी की थी। हालांकि, निकोलस पूरन पिछले चार मैचों में सिर्फ 87 रन ही बना सके हैं और इस मुकाबले में वे फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। कप्तान ऋषभ पंत के बल्ले से इस सीजन में केवल एक अर्धशतक निकला है और वे आखिरी मैच में एक बड़ी पारी खेलकर सीजन का शानदार अंत करना चाहेंगे। टीम के लिए मिचेल मार्श 13 मैचों में 563 रन बनाकर शीर्ष रन स्कोरर बने हुए हैं, जबकि गेंदबाजी में प्रिंस यादव 13 मैचों में 16 विकेट लेकर शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि मोहम्मद शमी की टीम में वापसी होती है या नहीं।

पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी कमजोरी

पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी कमजोरी उसका बल्लेबाजी क्रम बन गया है। शुरुआती मैचों में आक्रामक शुरुआत देने वाले प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली पिछले कुछ मैचों से संघर्ष कर रहे हैं। प्रियांश ने पिछली सात पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है और पिछले मैच में वे शून्य पर आउट हो गए थे। इसी तरह, प्रभसिमरन भी पिछली पांच पारियों में केवल एक पचासा ही लगा सके हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला भी शांत रहा है, पिछली छह हार में वे केवल एक बार 50 का आंकड़ा पार कर पाए हैं। दिल्ली के खिलाफ मैच जिताने वाला मध्य क्रम भी फॉर्म से बाहर है, जबकि खराब गेंदबाजी और फील्डिंग ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कूपर कोनोली 13 मैचों में 473 रन बनाकर टीम के शीर्ष रन स्कोरर हैं, वहीं अर्शदीप सिंह 13 मैचों में 14 विकेट लेकर शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

इकाना स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

इकाना स्टेडियम की पिच स्पिनरों के लिए काफी मददगार साबित होती है और बल्लेबाजों के लिए यहां बड़े हिट्स लगाना आसान नहीं होता। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी पिच से मूवमेंट और स्विंग मिलती है, जो बल्लेबाजों के खिलाफ असरदार साबित हो सकती है। लखनऊ का इकाना स्टेडियम अन्य मैदानों से अलग माना जाता है। जहां दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता में 200 रन का स्कोर आम बात है, वहीं यहां औसतन स्कोर 165-170 के बीच रहता है, जिससे मुकाबला संतुलित नजर आता है। इस पिच पर अब तक आईपीएल के 28 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 11 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 15 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है। एक मैच टाई रहा और एक का परिणाम नहीं निकला।

लखनऊ में मैच के दौरान मौसम बेहद गर्म और शुष्क रहने की संभावना है। दिन भर तेज धूप और लू चलेगी। शाम 7.30 बजे तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान बिल्कुल साफ रहेगा।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI इस प्रकार है:

लखनऊ: मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश सिंह, प्रिंस यादव। इम्पैक्ट प्लेयर: दिग्वेश सिंह राठी।

पंजाब: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, अजमतुल्लाह ओमरजई, हरप्रीत बरार, जेवियर बार्टलेट, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह। इम्पैक्ट प्लेयर: युजवेंद्र चहल।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews