Hindi News

IPL 2026 में आज पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला, यहां जानिए दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

Written by:Ankita Chourdia
Published:
आईपीएल 2026 में आज पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच अहमदाबाद में भिड़ंत होगी। यह मुकाबला प्लेऑफ की दौड़ और पिछली हार का बदला लेने के लिए महत्वपूर्ण होने वाला है।
IPL 2026 में आज पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला, यहां जानिए दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

आईपीएल 2026 में प्लेऑफ में जगह बनाने की जंग आज एक निर्णायक मोड़ पर पहुँचेगी, आज पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक-दूसरे का सामना करेंगी। यह मुकाबला रविवार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें गुजरात के पास अपनी पिछली हार का बदला लेने का अवसर रहेगा।

हालिया प्रदर्शन की बात करें तो, पंजाब किंग्स को अपने पिछले मैच में राजस्थान से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, गुजरात टाइटंस लगातार दो जीत दर्ज कर आत्मविश्वास से भरी हुई है। अंक तालिका में पंजाब किंग्स की स्थिति मजबूत दिख रही है। उन्होंने इस सीजन में अब तक 8 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 6 में उन्हें जीत मिली है। टीम 13 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज है। दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस ने 9 मैच में 5 जीत हासिल की है और वे 10 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। प्लेऑफ की दावेदारी को मजबूत करने के लिए गुजरात को इस मैच में जीत हासिल करना बेहद जरूरी है।

दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड देखें

आईपीएल के इतिहास में इन दोनों टीमों के बीच हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिली है। अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें पंजाब किंग्स ने 4 में जीत दर्ज की है, जबकि गुजरात टाइटंस को 3 मैचों में सफलता मिली है। पिछले 5 मुकाबलों पर गौर करें तो पंजाब का पलड़ा 3-2 से भारी रहा है। इस सीजन में दोनों टीमें 31 मार्च को आमने-सामने थीं, तब पंजाब ने रोमांचक मुकाबले में गुजरात को 3 विकेट से हराया था।

अर्शदीप सिंह इस सीजन पंजाब के लिए शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज

पंजाब किंग्स के लिए प्रभसिमरन सिंह ने प्रियांश आर्या के साथ मिलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई है। प्रभसिमरन ने 8 मैचों में 179.27 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 346 रन बनाए हैं, जिसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह इस सीजन पंजाब के लिए शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 8 विकेट चटकाए हैं और 3/22 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। हालांकि, उनकी इकोनॉमी 10.96 रही है।

शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन किया

गुजरात टाइटंस की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन किया है। वह 8 मैचों में 373 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर हैं। इस सीजन में उन्होंने 3 अर्धशतक जड़े हैं और 155.41 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। गेंदबाजी विभाग में कगिसो रबाडा सबसे सफल रहे हैं, जिन्होंने 9 मैचों में 14 विकेट हासिल किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्पेल 3/25 रहा है, लेकिन उन्होंने 9.65 की इकोनॉमी से रन खर्च किए हैं।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती मदद मिल सकती है। यहाँ लक्ष्य का पीछा करना आसान रहता है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

मौसम का हाल जानिए

मौसम विभाग के अनुसार, 3 मई को अहमदाबाद का तापमान 32 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। शाम के वक्त पड़ने वाली ओस मैच में अहम भूमिका निभाएगी। दूसरी पारी में गेंदबाजी करने वाली टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है, अतः पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमें अतिरिक्त रन बनाने पर जोर देंगी।

आज के मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-12 इस प्रकार है:

गुजरात टाइटंस में शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, अरशद खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और मानव सुथर शामिल हो सकते हैं।

वहीं, पंजाब किंग्स में श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कॉनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यान्सन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को मौका मिल सकता है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews