IPL 2026 में आज राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में होने वाले इस मैच में राजस्थान की नजर टॉप-4 में मजबूत पकड़ बनाने पर होगी जबकि दिल्ली वापसी की कोशिश करेगी। वहीं इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर है जो टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने के बेहद करीब हैं।
दरअसल वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 511 गेंदों में 99 छक्के जड़ दिए हैं जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। अगर वे आज एक छक्का और लगाते हैं तो वे वेस्टइंडीज के कीरोन पोलॉर्ड का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। ऐसे में इस मुकाबले में हर गेंद पर फैंस की नजर सूर्यवंशी के बल्ले पर रहेगी।
दोनों टीमों की ताकत पर डालें नजर
वहीं राजस्थान रॉयल्स इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आई है। टीम ने 9 में से 6 मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में चौथा स्थान हासिल किया है। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी ने 400 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी है जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 238 से ज्यादा है। उनके अलावा जोफ्रा आर्चर गेंदबाजी में अहम भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने लगातार विकेट निकालकर टीम को मैच में बनाए रखा है। वहीं दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम 8 मैचों में सिर्फ 3 जीत के साथ सातवें नंबर पर है। बल्लेबाजी का पूरा दारोमदार केएल राहुल पर है जिन्होंने 358 रन बनाए हैं। अगर राहुल जल्दी आउट होते हैं तो दिल्ली की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने किफायती प्रदर्शन किया है, लेकिन टीम को विकेट लेने वाले गेंदबाजों की कमी खल रही है।
सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच रिपोर्ट देखें
दरअसल जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है लेकिन शुरुआत में तेज गेंदबाजों को हल्की मूवमेंट मिलती है। अगर बल्लेबाज शुरुआती ओवर निकाल लें तो बाद में बड़े शॉट खेलना आसान हो जाता है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर करीब 160-170 रन के आसपास रहता है, जो एक चुनौतीपूर्ण टोटल हो सकता है। वहीं मौसम की बात करें तो जयपुर में काफी गर्मी रहने वाली है। मैच के दौरान तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है, जिससे खिलाड़ियों की फिटनेस भी टेस्ट होगी। हालांकि, रात में ओस का असर गेम का रुख बदल सकता है। दूसरी पारी में गेंदबाजों को ग्रिप करने में परेशानी हो सकती है, जिससे चेज करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
राजस्थान- यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), दासुन शनाका, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, बृजेश शर्मा, नांद्रे बर्गर और यश राज पुनिया।
इम्पैक्ट प्लेयर: शुभम दुबे
दिल्ली- अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिज़वी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, विप्रज निगम, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव और मुकेश कुमार
इम्पैक्ट प्लेयर: टी नटराजन






