Hindi News

IPL 2026 से पहले RCB से बाहर होंगे ये 5 खिलाड़ी! 8.75 करोड़ के इस खिलाड़ी पर भी मंडराया खतरा

Written by:Rishabh Namdev
Published:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने भले ही आईपीएल 2025 का खिताब जीता है, लेकिन अब टीम की नजर आईपीएल 2026 के खिताब पर होगी। कप्तान रजत पाटीदार की टीम आगामी सीजन के लिए बड़े बदलाव कर सकती है। चलिए जानते हैं कि ऑक्शन से पहले यह टीम किन खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है।
IPL 2026 से पहले RCB से बाहर होंगे ये 5 खिलाड़ी! 8.75 करोड़ के इस खिलाड़ी पर भी मंडराया खतरा

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 का खिताब जीता था। 18 साल बाद टीम का यह सपना पूरा हुआ था। अब टीम आईपीएल 2026 की तैयारी में जुट गई है। बता दें, 15 नवंबर तक टीम को अपने रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट बीसीसीआई को भेजनी है। ऐसे में आरसीबी किन खिलाड़ियों को रिलीज करेगी इसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा चल रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल की सबसे चर्चित टीम है और सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स इसी टीम के हैं। ऐसे में फैंस रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट का इंतजार कर रहे हैं।

आईपीएल 2026 में आरसीबी की टीम में बड़े बदलाव दिखाई दे सकते हैं। टीम कई बड़े खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है। इसमें लियम लिविंगस्टोन से लेकर रासिक सलाम डार और मयंक अग्रवाल जैसे खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं। चलिए जानते हैं कि आरसीबी किन पांच खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर सकती है।

स्वप्निल सिंह

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम स्वप्निल सिंह का हो सकता है। आरसीबी की टीम स्वप्निल सिंह को रिलीज करने पर विचार कर सकती है और किसी नए खिलाड़ी को टीम में शामिल कर सकती है। बता दें कि आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इन्हें 50 लाख रुपए में खरीदा था, लेकिन सीजन में इन्हें एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला।

मयंक अग्रवाल

वहीं इस लिस्ट में एक और नाम भारतीय खिलाड़ी मयंक अग्रवाल का भी शामिल हो सकता है। मयंक अग्रवाल को आईपीएल 2025 के लिए देवदत्त पडिक्कल की जगह टीम में शामिल किया गया था। पडिक्कल आईपीएल 2025 से बाहर थे। देवदत्त पडिक्कल ने भी आईपीएल 2025 में खास प्रदर्शन नहीं किया था, लेकिन मयंक अग्रवाल के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने सिर्फ चार मुकाबले खेले थे, जिनमें 148.43 की स्ट्राइक रेट से 94 रन बनाए थे। अब देखना होगा कि क्या आरसीबी टीम उन्हें रिटेन करेगी या रिलीज करेगी।

लियम लिविंगस्टोन

इस लिस्ट में तीसरा नाम लियम लिविंगस्टोन का हो सकता है। इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर से टीम को काफी उम्मीदें थीं, यही कारण था कि मेगा ऑक्शन में आरसीबी ने उन्हें 8.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। लिविंगस्टोन ने पिछले सीजन कुल 10 मुकाबले खेले थे, जिनमें उन्होंने सिर्फ 112 रन बनाए थे। गेंदबाजी में भी वे खास प्रदर्शन नहीं कर सके और उन्होंने 5 मैचों में गेंदबाजी करते हुए सिर्फ दो विकेट हासिल किए थे। ऐसे में इस खिलाड़ी को बाहर किया जा सकता है।

लुंगी एंगिडी

चौथे नंबर पर साउथ अफ्रीका के लुंगी एंगिडी का नाम हो सकता है। लुंगी एंगिडी साउथ अफ्रीका के मजबूत तेज गेंदबाज हैं, लेकिन आईपीएल में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा है। आरसीबी ने उन्हें आईपीएल 2025 के लिए एक करोड़ रुपए में साइन किया था, लेकिन उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम लुंगी एंगिडी को रिलीज कर एक मजबूत तेज गेंदबाज को शामिल कर सकती है।

रासिक सलाम डार

पांचवें नंबर पर रासिक सलाम डार का नाम शामिल हो सकता है। इस खिलाड़ी को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में मौका मिला था। पिछले मेगा ऑक्शन में आरसीबी ने उन्हें 6 करोड़ रुपए में खरीदा था। हालांकि वह पूरे सीजन में सिर्फ दो मुकाबले खेल सके थे और बाकी समय बेंच पर बैठे रहे। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम उन्हें इस बार रिलीज करती है या नहीं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews