इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 16वां मुकाबला आज गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दरअसल इस मैच में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी। मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। इस सीजन में दोनों टीमें अब तक एक भी मैच नहीं हारी हैं, जिससे यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। फिलहाल राजस्थान रॉयल्स तीन लगातार जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर है।
दरअसल राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अब तक अपने तीनों मुकाबले जीतकर मजबूत शुरुआत की है। टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ जीत दर्ज की है। बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी टॉप ऑर्डर में टीम को अच्छी शुरुआत दे रहे हैं। वहीं मिडिल ऑर्डर में ध्रुव जुरेल और रियान पराग अहम योगदान दे रहे हैं, जिससे टीम बड़े स्कोर बनाने में सफल रही है।
गेंदबाजी में भी राजस्थान संतुलित नजर आई है। जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर नई गेंद से विकेट निकालने में कामयाब रहे हैं। वहीं स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई और रवींद्र जड़ेजा जैसे गेंदबाज मध्य ओवरों में रन रोकने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
RCB की शानदार शुरुआत
दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी इस सीजन में शानदार शुरुआत की है। टीम ने अब तक अपने दोनों मुकाबले जीते हैं और पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति में है। बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स को हराया है। बल्लेबाजी में विराट कोहली और फिल सॉल्ट टॉप ऑर्डर में लगातार रन बना रहे हैं। वहीं देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार मिडिल ऑर्डर में टीम को मजबूती दे रहे हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जैकब डफी नई गेंद से अच्छी शुरुआत दिला रहे हैं। वहीं क्रुणाल पंड्या जैसे स्पिनर मध्य ओवरों में किफायती साबित हुए हैं।
हेड-टु-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें
अगर हेड-टु-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 17 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स को 14 मैचों में जीत मिली है। तीन मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला। हालांकि यह पहली बार होगा जब दोनों टीमें गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, जहां अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। आईपीएल 2026 में अब तक यहां दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और दोनों में राजस्थान रॉयल्स ने जीत दर्ज की है।
मौसम की बात करें तो गुवाहाटी में आज बारिश की संभावना भी जताई गई है। करीब 56 प्रतिशत बारिश के आसार बताए गए हैं। तापमान 17 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और खिलाड़ियों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।






