इस समय इंटरनेशनल क्रिकेट में जबर्दस्त मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है तो वहीं साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच T20 और वनडे मुकाबले हो रहे हैं। इसके अलावा वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच भी T20 और वनडे मुकाबले खेले जा रहे हैं। अब इन मुकाबलों के बाद आईसीसी ने ताज़ा रैंकिंग जारी कर दी है। हालांकि टेस्ट रैंकिंग में कोई भी बदलाव देखने को नहीं मिला है, लेकिन वनडे में बड़ा परिवर्तन नजर आया है।
वहीं अब साउथ अफ्रीका के केशव महाराज ने दुनिया के नंबर वन गेंदबाज का स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने ताज़ा रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है और पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। चलिए जानते हैं, भारत के किन खिलाड़ियों को नुकसान हुआ है और किन खिलाड़ियों को फायदा पहुंचा है।
वनडे सीरीज में किया था कमाल
दरअसल वनडे की ताज़ा रैंकिंग पर नज़र डाली जाए तो साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में ही केशव महाराज ने 5 विकेट चटकाए थे। उन्होंने मात्र 10 ओवर में 33 रन देकर 5 शानदार विकेट हासिल किए थे, जिसके चलते अब उन्हें यह फायदा मिला है। अब उनकी रेटिंग बढ़कर 687 हो चुकी है और वह पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, केशव महाराज के नंबर वन पर पहुंच जाने से दो खिलाड़ियों को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
इन खिलाड़ियों को हुआ नुकसान
दरअसल, महिषा तीक्ष्णा और कुलदीप यादव का नाम इसमें शामिल है। दोनों खिलाड़ियों को केशव महाराज के नंबर वन बनने से नुकसान हुआ है। इससे पहले महिषा तीक्ष्णा दुनिया के नंबर वन गेंदबाज थे, जबकि दूसरे नंबर पर कुलदीप यादव का नाम था। लेकिन अब पहले नंबर पर केशव महाराज, दूसरे पर महिषा तीक्ष्णा और तीसरे नंबर पर कुलदीप यादव पहुंच चुके हैं। इस समय महिषा तीक्ष्णा 671 रेटिंग के साथ जबकि कुलदीप यादव 650 रेटिंग के साथ मौजूद हैं। इन खिलाड़ियों के अलावा टॉप टेन में कोई भी बदलाव देखने को नहीं मिला है।
इन भारतीय खिलाड़ियों को हुआ नुकसान
भारतीय खिलाड़ियों की बात की जाए तो इस समय मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह को हल्का फायदा देखने को मिला है। हालांकि, काफी समय से दोनों खिलाड़ियों ने वनडे मुकाबले नहीं खेले हैं, लेकिन इसके बाद भी दोनों खिलाड़ियों को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। अब मोहम्मद शमी 13वें स्थान पर पहुंच चुके हैं जबकि बुमराह 14वें स्थान पर मौजूद हैं। साथ ही मोहम्मद सिराज को भी ताज़ा वनडे रैंकिंग में फायदा पहुंचा है। मोहम्मद सिराज इस समय 15वें स्थान पर मौजूद हैं। सबसे ज्यादा नुकसान पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी को झेलना पड़ा है। शाहीन अफरीदी दो स्थान नीचे खिसक गए हैं। यही कारण है कि भारतीय गेंदबाजों को फायदा पहुंचा है।





