Hindi News

कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिंकू सिंह को बनाया टीम का नया उप-कप्तान, बेन डकेट IPL 2026 नहीं खेलेंगे

Written by:Rishabh Namdev
Published:
IPL के नए सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव करते हुए रिंकू सिंह को उप-कप्तान नियुक्त किया है। वहीं, दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल ने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है। यश इस समय यौन शोषण के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिंकू सिंह को बनाया टीम का नया उप-कप्तान, बेन डकेट IPL 2026 नहीं खेलेंगे

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन की शुरुआत से ठीक पहले टीमों में बड़े फेरबदल देखने को मिल रहे हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपने स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें टीम का उप-कप्तान बनाया है। इस फैसले की घोषणा कोलकाता में आयोजित ‘नाइट्स अनप्लग्ड 3.0’ इवेंट के दौरान की गई।

KKR के CEO वेंकी मैसूर ने इस पर कहा कि रिंकू सिंह 2018 से फ्रेंचाइजी के साथ हैं और टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं। उनका लगातार अच्छा प्रदर्शन और टीम के प्रति समर्पण इस फैसले का मुख्य कारण है। रिंकू ने 2023 के सीजन में गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर अपनी टीम को अविश्वसनीय जीत दिलाई थी, जिसके बाद वह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गए थे।

रिंकू का IPL करियर

रिंकू सिंह ने अब तक IPL में 59 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 30.53 की औसत और 145.18 की स्ट्राइक रेट से 1099 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक भी जड़े हैं। वह 15 बार नाबाद पवेलियन लौटे हैं, जो उनकी मैच फिनिशिंग क्षमता को दर्शाता है।

यश दयाल IPL से बाहर, गंभीर आरोपों का कर रहे सामना

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को उस वक्त झटका लगा जब उनके तेज गेंदबाज यश दयाल ने निजी कारणों से इस सीजन में नहीं खेलने का फैसला किया। टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट मोहम्मद बोबाट ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यश अभी भी टीम के साथ कॉन्ट्रैक्ट में बने हुए हैं। RCB ने यश को पिछले साल की नीलामी से पहले 5 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

गौरतलब है कि यश दयाल इस समय दो अलग-अलग यौन शोषण के मामलों का सामना कर रहे हैं। गाजियाबाद की एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर पांच साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है, जिस पर रेप का मामला दर्ज है। इसके अलावा, जयपुर में भी एक नाबालिग लड़की ने क्रिकेट में मदद का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है, जिस मामले में सांगानेर सदर थाने में FIR दर्ज है। हाल ही में यश ने कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर से शादी की है।

बेन डकेट पर 2 साल का बैन, अन्य खिलाड़ी भी बाहर

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने भी इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए नहीं खेलने का फैसला किया है। उन्होंने इंग्लैंड के लिए खेलने पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही। इस फैसले के बाद IPL नियमों के तहत डकेट 2027 और 2028 के ऑक्शन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

इसके अलावा कई अन्य खिलाड़ी भी चोट या अन्य कारणों से शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं। इनमें जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, और मथीश पथिराना जैसे बड़े नाम शामिल हैं। टीमों ने रिप्लेसमेंट की घोषणा भी शुरू कर दी है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने स्पेंसर जॉनसन को और सनराइजर्स हैदराबाद ने डेविड पेन को अपनी टीम में शामिल किया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews