आईपीएल 2026 से पहले टीमों में उथल-पुथल मची हुई है। दरअसल टीमों के बीच ट्रेड गेम खेला जा रहा है। एक तरफ जहां शार्दुल ठाकुर और अर्जुन तेंदुलकर को लेकर ट्रेड डील की खबरें सामने आई थीं वहीं अब मुंबई इंडियंस ने एक और बड़ा दांव खेल दिया है। दरअसल अब मुंबई इंडियंस ने वेस्टइंडीज के खूंखार बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड को अपनी टीम में शामिल किया है। इसके लिए मुंबई ने गुजरात टाइटंस से ट्रेड डील की है। गुजरात टाइटंस की टीम ने आईपीएल 2025 में रदरफोर्ड को 2.6 करोड़ रुपए में अपनी स्क्वाड में शामिल किया था और आईपीएल 2025 में इस खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन भी किया था।

इस खिलाड़ी के प्रदर्शन को देखते हुए मुंबई इंडियंस ने यह फैसला लिया है। शेरफेन रदरफोर्ड ने आईपीएल 2025 में गुजरात के लिए खेलते हुए 13 मुकाबलों में 291 रन बनाए थे। चौंकाने वाली बात यह है कि इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 157 से ज्यादा रहा था जो कि वाकई कमाल है। हालांकि गुजरात ने इस खिलाड़ी को रिलीज क्यों किया, सोशल मीडिया पर इस तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।

MI की आईपीएल 2026 से पहले यह दूसरी ट्रेड डील

दरअसल, इस समय सबसे ज्यादा चर्चा मुंबई इंडियंस की टीम को लेकर हो रही है। मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2026 से पहले यह दूसरी ट्रेड डील है। इससे पहले मुंबई की टीम ने शार्दुल ठाकुर को अपनी टीम में शामिल किया है। वहीं थोड़े समय बाद शेरफेन रदरफोर्ड को भी अपनी टीम में जोड़ लिया। शार्दुल ठाकुर के लिए मुंबई इंडियंस की टीम ने लखनऊ सुपरजायंट्स के साथ ट्रेड डील की थी। शेरफेन रदरफोर्ड को लेकर मुंबई इंडियंस ने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट भी जारी की, जिसमें उन्होंने इसकी जानकारी दी है।

जानकारी देते हुए मुंबई इंडियंस ने बताया कि शेरफेन रदरफोर्ड अब अगले सीजन मुंबई इंडियंस को ज्वाइन करने जा रहे हैं। जानकारी दे दें कि शेरफेन रदरफोर्ड दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के लिए भी खेल चुके हैं। हालांकि, इस दौरान उनका नाम इतना चर्चा में नहीं आया था लेकिन पिछले सीजन गुजरात की टीम ने उन्हें लगातार मौके दिए थे, जिसके चलते उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था।

आईपीएल करियर पर नजर डालें

वहीं, रदरफोर्ड के आईपीएल करियर पर नजर डाली जाए तो अब तक उन्होंने कुल 23 मुकाबले खेले हैं, जिनमें मात्र 397 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 137.37 रहा है। हालांकि, यह पहली बार नहीं होगा जब रदरफोर्ड मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे बल्कि इससे पहले भी वे 2020 के सीजन में मुंबई के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने सात मुकाबलों में 73 रन बनाए थे। पिछला सीजन उनका शानदार रहा था जबकि ओवरऑल करियर पर नजर डालें तो अब तक वेस्टइंडीज के लिए रदरफोर्ड ने 44 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 588 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 137 से ज्यादा रहा है। वहीं वनडे मुकाबलों की बात की जाए तो उन्होंने कुल 19 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 656 रन बनाए हैं। उन्हें अक्सर विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है।