Hindi News

इस टीम ने मात्र 48 ओवरों में चेज किया 388 रनों का लक्ष्य, इस खिलाड़ी ने खेली नाबाद 169 रनों की पारी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
इंग्लैंड में खेले जा रहे घरेलू वनडे कप में बड़ा रिकॉर्ड टूट गया है। मिडलसेक्स की टीम ने डरहम के खिलाफ एक मुकाबले में मिले 388 रनों के टारगेट को मात्र 48 ओवरों में चेज कर नया रिकॉर्ड बना दिया है। बता दें कि यह रिकॉर्ड लिस्ट-ए के मुकाबले में टूटा है।
इस टीम ने मात्र 48 ओवरों में चेज किया 388 रनों का लक्ष्य, इस खिलाड़ी ने खेली नाबाद 169 रनों की पारी

क्रिकेट की दुनिया में आने वाला समय बेहद ही शानदार होने वाला है। यंग खिलाड़ी अभी से अपने नाम बड़े-बड़े रिकॉर्ड दर्ज कर रहे हैं। भारत में इस समय वैभव सूर्यवंशी, शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों का नाम चर्चा में है, तो दुनिया भर में ऐसे कई खिलाड़ी हैं जो शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में इंग्लैंड में खेले गए घरेलू वनडे कप में एक अनोखा रिकॉर्ड देखने को मिला है। यह रिकॉर्ड मिडलसेक्स की टीम ने अपने नाम किया है। दरअसल, लिस्ट-ए के मुकाबले में डरहम के खिलाफ खेले गए मैच में 388 रनों के टारगेट को टीम ने मात्र 48 ओवर में चेज कर लिया।

दरअसल यह रिकॉर्ड इंग्लैंड में चल रहे रॉयल लंदन वनडे कप में टूटा है, जहां 13 अगस्त को खेले गए मुकाबले में डरहम की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 387 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था।

सैम रोबसन की नाबाद 169 रनों की पारी

हालांकि जब डरहम की टीम ने यह स्कोर बनाया था, तो किसी को यह अंदाजा नहीं था कि मिडलसेक्स की टीम इसे हासिल कर लेगी। दरअसल, अब तक इंग्लैंड के लिस्ट-ए इतिहास में 50 ओवर के मुकाबले में इतना बड़ा स्कोर चेज कभी नहीं हुआ था। ऐसे में किसी को यह उम्मीद नहीं थी कि मिडलसेक्स की टीम इस लक्ष्य को हासिल कर लेगी। हालांकि, उन्होंने यह लक्ष्य मात्र 48 ओवर में ही चेज कर लिया और नया इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक जीत में मिडलसेक्स की टीम से सैम रोबसन ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने नाबाद 169 रनों की पारी खेली।

लिस्ट-ए फॉर्मेट में अब तक का चौथा सबसे बड़ा रन-चेज

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही। मात्र दो रन के स्कोर पर ही मिडलसेक्स की टीम ने अपना पहला विकेट गंवा दिया, लेकिन दूसरी ओर से सैम रोबसन ने पारी को संभाले रखा। उन्होंने तेज गति से रन बनाए। पहले जोशुआ डी केयर्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की, और उसके बाद बाकी खिलाड़ियों के साथ भी पार्टनरशिप बनाई, जिसके चलते टीम ने मात्र पांच विकेट खोकर 48 ओवर में ही 388 रन बना दिए। अब यह वर्ल्ड क्रिकेट में लिस्ट-ए फॉर्मेट में अब तक का चौथा सबसे बड़ा रन-चेज हो गया है। इस सूची में पहले नंबर पर साउथ अफ्रीका की टीम का नाम है। साउथ अफ्रीका ने साल 2005 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 435 रनों का टारगेट चेज किया था।