12 अक्टूबर यानी आज से दो बड़े देशों के बीच क्रिकेट की बड़ी सीरीज शुरू हो रही है। दरअसल, आज से पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज शुरू हो रही है। इस सीरीज के बाद दोनों टीमें T20 और वनडे सीरीज में भी आमने-सामने होंगी। टेस्ट सीरीज में कुल दो मुकाबले खेले जाएंगे, जिसका पहला मुकाबला आज से गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समय अनुसार मुकाबला सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा जबकि टॉस 10:00 बजे किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान की कमान शान मसूद के हाथों में है, वहीं साउथ अफ्रीका की ओर से एडन मार्करम टीम की कमान संभाल रहे हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का खिताब जीतने के बाद साउथ अफ्रीका की टीम अब नए सर्कल में भी मुकाबले जीतकर आगे बढ़ने की कोशिश करेगी। साउथ अफ्रीका के लिए पाकिस्तान दौरा बेहद अहम रहने वाला है। दरअसल, टीम दो महत्वपूर्ण टेस्ट मुकाबले खेलेगी। अगर टीम ये दोनों मुकाबले जीत जाती है, तो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए सर्कल में एक बार फिर जीत के साथ शुरुआत करेगी। बता दें कि न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका ने नए सर्कल में अब तक एक भी मुकाबला नहीं खेला है। आज से पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के नए सर्कल की शुरुआत हो रही है।
साउथ अफ्रीका के पाकिस्तान दौरे पर नजर डालें
साउथ अफ्रीका के पाकिस्तान दौरे पर नजर डाली जाए तो टीम कुल दो टेस्ट मैचों के अलावा तीन T20 और तीन वनडे मैच भी खेलेगी। दोनों टीमों के बीच अब तक 30 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिनमें से 17 बार साउथ अफ्रीका की टीम ने जीत हासिल की है, जबकि 6 बार पाकिस्तान को जीत मिली है। वहीं 7 मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने दबदबा बनाए रखा है। डिफेंडिंग चैंपियन साउथ अफ्रीका के पास कॉन्फिडेंस ज्यादा है, जबकि पाकिस्तान इस समय क्रिकेट में कई परेशानियों का सामना कर रहा है।
साउथ अफ्रीका को दोहराना होगा इतिहास
दरअसल, साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच पहला मुकाबला आज यानी 12 से 16 अक्टूबर तक लाहौर में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 20 से 24 अक्टूबर तक रावलपिंडी में खेला जाएगा। 2021 में भी पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई थी, जिसमें दोनों ही मुकाबले पाकिस्तान की टीम ने जीते थे। वहीं, साउथ अफ्रीका की टीम ने पाकिस्तान में आखिरी बार 2007 में जीत दर्ज की थी। अब साउथ अफ्रीका चाहेगी कि वह पाकिस्तान में जीत की तलाश पूरी करे।
T20 और वनडे सीरीज पर डालें नजर
पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका की T20 सीरीज पर नजर डाली जाए तो पहला मुकाबला 28 अक्टूबर को रावलपिंडी में खेला जाएगा, दूसरा मुकाबला 31 अक्टूबर को लाहौर में और तीसरा मुकाबला 1 नवंबर को लाहौर में होगा। वहीं, दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज 4 नवंबर को फैसलाबाद, 6 नवंबर को फैसलाबाद और 8 नवंबर को फैसलाबाद में खेली जाएगी। तीनों ही वनडे मुकाबले फैसलाबाद के मैदान पर होंगे। बता दें कि पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले मुकाबले भारत में किसी भी चैनल पर प्रसारित नहीं किए जा रहे हैं, हालांकि आप इन्हें FanCode ऐप और वेबसाइट पर लाइव देख सकेंगे।






