पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच शुक्रवार को शेर-ए-बंगला क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया दूसरा वनडे मैच एक दुखद घटना का गवाह बना। मैच के दौरान पाकिस्तानी टीम के ऑलराउंडर हुसैन तलत फील्डिंग करते हुए गंभीर रूप से चोटिल हो गए। चोट इतनी गहरी थी कि उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाना पड़ा और अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह घटना बांग्लादेश की पारी के दौरान घटी। पाकिस्तानी गेंदबाज मुहम्मद वसीम छठा ओवर फेंक रहे थे और स्ट्राइक पर बांग्लादेश के बल्लेबाज लिटन दास थे। दास ने कवर्स की दिशा में एक शॉट खेला, जो तेजी से बाउंड्री की तरफ जा रहा था। गेंद को रोकने के लिए हुसैन तलत ने दौड़ लगाई और डाइव लगाकर गेंद को पकड़ने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
गेंद को बाउंड्री पार जाने से रोकने के प्रयास में हुसैन तलत का संतुलन बिगड़ गया। उनका पैर बाउंड्री पर लगे फोम पर पड़ा और वह सीधे विज्ञापन के लिए लगे होर्डिंग से जा टकराए। इस टक्कर के कारण वह अजीब तरह से अपने बाएं कंधे के बल गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
तलत दर्द से कराहते हुए मैदान पर ही लेट गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम का मेडिकल स्टाफ तुरंत मैदान पर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद भी जब उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया।
पीसीबी ने की अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि
मैदान से बाहर ले जाने के बाद हुसैन तलत को एम्बुलेंस के जरिए तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भी एक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की है कि तलत को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके बाएं कंधे की चोट का इलाज चल रहा है।
इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 274 रन बनाए थे। टीम की ओर से माज सदाकत ने सर्वाधिक 75 रन और सलमान अली आगा ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। हालांकि, तलत की चोट ने टीम की जीत की खुशी पर थोड़ी चिंता की लकीरें खींच दीं।