पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने यूएसए के खिलाफ एक मैच जिताऊ पारी खेलने के बाद अपने इरादे साफ कर दिए हैं। उन्होंने न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि भविष्य के मुकाबलों, खासकर भारत के खिलाफ, के लिए एक चेतावनी भी जारी की है। फरहान ने कहा कि वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की शैली को जारी रखेंगे, जिसे उन्होंने एशिया कप में भारत के खिलाफ शुरू किया था।
कोलंबो में यूएसए के खिलाफ खेले गए मुकाबले में फरहान ने 73 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके दम पर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन बनाए। जवाब में यूएसए की टीम 32 रनों से मैच हार गई। फरहान को उनकी शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
‘कोच को पहले ही बता दिया था’
अवॉर्ड मिलने के बाद फरहान ने खुलासा किया कि उन्हें मैच से पहले ही अपनी अच्छी फॉर्म का अहसास हो गया था। उन्होंने इस बारे में अपने कोच हनीफ मलिक से भी बात की थी।
“कल जब हम नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे थे, तो गेंद बल्ले पर बहुत अच्छी तरह से आ रही थी। मैंने अपने कोच हनीफ मलिक को बताया था कि मैं मैच के लिए बहुत ही अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैंने कोच को यहां तक कहा था कि मैं मैच को इस तरह से समाप्त करूंगा, जिससे मुझे प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिले।” — साहिबजादा फरहान
फरहान ने यह भी बताया कि उन्होंने इस विश्व कप में दो से तीन बार यह खिताब जीतने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा, “पिच बहुत अच्छी थी और बल्ले पर गेंद अच्छी तरह से आ रही थी।”
टीम इंडिया को लेकर क्या बोले फरहान?
जब उनसे उनकी आक्रामक रणनीति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सीधे तौर पर भारत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कप्तान ने उन्हें और साथी ओपनर सईम अयूब को पावरप्ले का पूरा फायदा उठाने की आजादी दी है।
फरहान ने कहा, “टी20 क्रिकेट में एक सलामी बल्लेबाज के रूप में मैं इसी तरह का खेल जारी रखूंगा और आक्रामक बैटिंग करूंगा। हम उसी मानसिकता के साथ मैदान में उतरने वाले हैं, जैसा हमने एशिया कप समेत भारत के खिलाफ अपने पिछले मैचों में किया था।” उनके इस बयान को T20 विश्व कप 2026 में भारत-पाकिस्तान के संभावित मुकाबले से पहले एक बड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।





