टी-20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। रविवार को खेले गए एक अहम मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने आयरलैंड को 20 रनों से मात दी। टीम की जीत में बल्लेबाज कुसल मेंडिस के शानदार अर्धशतक के बाद स्पिन जोड़ी वनिंदू हसरंगा और महीश तीक्षणा की फिरकी का कमाल देखने को मिला, जिन्होंने मिलकर 6 विकेट झटके।
आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसके बाद श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 163 रन बनाए। इसके जवाब में आयरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 143 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
मेंडिस की फिफ्टी से श्रीलंका ने खड़ा किया मजबूत स्कोर
पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम के लिए कुसल मेंडिस ने पारी को संभाला। उन्होंने 43 गेंदों पर 56 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंत के ओवरों में कमिंडु मेंडिस ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में 44 रन बनाकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। आयरलैंड की ओर से गेंदबाजी में बैरी मैकॉर्थी और जॉर्ज डॉकरेल सबसे सफल रहे, दोनों ने 2-2 विकेट हासिल किए।
स्पिनरों के जाल में फंसी आयरलैंड की टीम
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरिश टीम को हैरी टेक्टर (40 रन) और रॉस अडॉयर (34 रन) ने अच्छी शुरुआत देने की कोशिश की, लेकिन श्रीलंकाई स्पिनरों के सामने वे टिक नहीं सके। मध्य के ओवरों में वनिंदू हसरंगा ने अपनी फिरकी का जादू दिखाया और दोनों सेट बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इसके बाद रही-सही कसर महीश तीक्षणा ने पूरी कर दी। तीक्षणा ने 17वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर बेंजामिन कैलिट्ज (4) और गारेथ डेलानी (0) को आउट कर मैच का रुख पूरी तरह श्रीलंका की ओर मोड़ दिया। तीक्षणा ने कुल 3 विकेट लिए। हसरंगा ने भी 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। आयरलैंड का कोई भी अन्य बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा देर टिक नहीं सका और पूरी टीम लक्ष्य से 20 रन दूर रह गई।





