टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड में शनिवार को पाकिस्तान की टीम जब श्रीलंका के खिलाफ मैदान में उतरेगी, तो उसकी निगाहें सिर्फ जीत पर नहीं, बल्कि एक बड़ी और निर्णायक जीत पर टिकी होंगी। पल्लेकेले में होने वाला यह मुकाबला पाकिस्तान के लिए ‘करो या मरो’ जैसा है, क्योंकि इसी मैच का नतीजा तय करेगा कि टीम सेमीफाइनल की दौड़ में बनी रहेगी या उसका सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।
पाकिस्तान का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट भी निगेटिव में है। इंग्लैंड पहले ही इस ग्रुप से सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुका है, ऐसे में पाकिस्तान पर दबाव और भी बढ़ गया है।
सेमीफाइनल का मुश्किल समीकरण
पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह बेहद कठिन है। टीम को अगर अंतिम चार में अपनी जगह पक्की करनी है तो उसे श्रीलंका को कम से कम 61 रनों के बड़े अंतर से हराना होगा। यदि पाकिस्तान पहले गेंदबाजी करता है, तो उसे मिले लक्ष्य को सिर्फ 13.1 ओवर में ही हासिल करना होगा। यह चुनौती इसलिए भी बड़ी है क्योंकि न्यूजीलैंड की टीम बेहतर नेट रन रेट के साथ पहले से ही मजबूत स्थिति में है।
दूसरी ओर, श्रीलंका की टीम अपने शुरुआती दोनों मुकाबले हारकर सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है। हालांकि, घरेलू मैदान पर खेलते हुए टीम अपने सम्मान के लिए खेलेगी और पाकिस्तान की राह में रोड़ा अटकाने की पूरी कोशिश करेगी।
कैसी खेलेगी पल्लेकेले की पिच?
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच को पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों का गढ़ माना जाता है। यहां की सतह काफी धीमी है, जिससे स्पिनर्स को गेंद घुमाने और ग्रिप हासिल करने में काफी मदद मिलती है। बल्लेबाजों के लिए यहां रन बनाना आसान नहीं होगा।
तेज गेंदबाजों को भी शुरुआती ओवरों में थोड़ी स्विंग मिल सकती है। हालांकि, अगर कोई बल्लेबाज क्रीज पर टिक जाता है तो वह बड़ी पारी खेल सकता है, जैसा कि इसी मैदान पर इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने शतक जड़कर दिखाया था। ऐसे में यह मुकाबला बल्लेबाजों के संयम और स्पिन गेंदबाजों की कला के बीच एक दिलचस्प जंग साबित हो सकता है।
दोनों टीमों की संभावित स्क्वॉड
श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिल मिशारा, पथुम निसांका, कुसल परेरा (विकेटकीपर), पवन रत्नायके, चैरिथ असलांका, दुशान हेमंथा, जेनिथ लियानगे, कामिंडु मेंडिस, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका, प्रमोद मदुशन, महीश थीक्षाना, दुनिथ वेललागे।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमां, ख्वाजा नफे (विकेट कीपर), साहिबजादा फरहान, उस्मान खान (विकेट कीपर), फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज, सैम अयूब, शादाब खान, अबरार अहमद, नसीम शाह, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान तारिक।






