Hindi News

2025 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएगी पाकिस्तान टीम, पीसीबी का कहना जिस प्रकार वे नहीं आए हम भी नहीं आएंगे

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भारत में इस साल 29 सितंबर से 26 अक्टूबर तक आईसीसी वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 खेला जाएगा। लेकिन अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने भारत आने से मना कर दिया है। पीसीबी का कहना है कि जिस प्रकार भारत पाकिस्तान नहीं आया था, उसी प्रकार हम भी भारत में अपने मुकाबले नहीं खेलेंगे।
2025 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएगी पाकिस्तान टीम, पीसीबी का कहना जिस प्रकार वे नहीं आए हम भी नहीं आएंगे

इस साल भारत में आईसीसी वुमेंस वनडे वर्ल्ड कप खेला जाएगा। ऐसे बड़े टूर्नामेंट के लिए सभी टीमों ने क्वालिफाई कर लिया है, लेकिन अब पाकिस्तान की महिला टीम भारत में अपने मैच खेलने नहीं आएगी। दरअसल शनिवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी द्वारा ऐलान किया गया कि टीम इस साल के अंत में होने वाले आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारत नहीं जाएगी और टीम हाइब्रिड मॉडल पर ही अपने सभी मुकाबले खेलेगी।

दरअसल मामला चैंपियंस ट्रॉफी से जुड़ा हुआ है। चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं गई थी। लंबे समय तक इसे लेकर विवाद भी चला था। इसके बाद अंतिम बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि आने वाले आईसीसी टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान की टीम भी भारत में नहीं खेलेगी और अपने मुकाबले हाइब्रिड मॉडल पर ही खेलेगी। इसे लेकर आईसीसी और बीसीसीआई की ओर से भी मंजूरी मिल गई थी। हाइब्रिड मॉडल पर सहमति बनने के बाद अब भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टूर्नामेंट्स में दोनों टीमें हाइब्रिड मॉडल पर ही खेलेंगी।

जिस प्रकार भारत पाकिस्तान नहीं आया हम भी नहीं आएंगे: नकवी

यही कारण था कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम ने अपने सभी मुकाबले दुबई के स्टेडियम में खेले थे, जबकि टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान द्वारा ही की गई थी। ऐसे में अब भारत में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि पाकिस्तान की टीम भी इसमें अपने मुकाबले भारत में नहीं खेलेगी। इसे लेकर पीसीबी के अध्यक्ष नकवी ने कहा कि जिस प्रकार भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान में नहीं खेला और उसे तटस्थ स्थल पर खेलने की अनुमति दी गई थी, वैसे ही अब हम भी दूसरे स्थल पर ही खेलेंगे। जब कोई समझौता होता है तो उसका पालन करना होता है। दरअसल अब तक दूसरे मैदान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। नकवी ने यहां साफ किया कि मेजबानी भारत द्वारा की जा रही है, इसलिए यह भारत और आईसीसी ही तय करें कि पाकिस्तान की टीम किस मैदान पर अपने मुकाबले खेलेगी।

किन टीमों ने किया है क्वालीफाई?

हालांकि अब यह देखना बेहद दिलचस्प रहेगा कि भारत का क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी मिलकर किस मैदान को हाइब्रिड मॉडल के लिए चुनते हैं। क्या चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की तरह ही दुबई क्रिकेट स्टेडियम को चुना जाएगा या फिर श्रीलंका में मैच आयोजित कराए जा सकते हैं। बता दें कि वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारत, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें शामिल हैं। क्वालिफायर मुकाबलों को लेकर पीसीबी के अध्यक्ष नकवी ने कहा कि टीम ने यह दिखा दिया है कि घरेलू परिस्थितियों का फायदा कैसे उठाया जा सकता है और एक इकाई की तरह कैसे खेला जाता है। मुझे खुशी है कि महिला क्रिकेट टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है।

बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी पाकिस्तान द्वारा की गई थी, लेकिन मेज़बान पाकिस्तान दूसरे ही मुकाबले में बाहर हो गया था, जिसके बाद टीम को आलोचना का सामना करना पड़ा था।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews