Hindi News

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट करेगा पाकिस्तान, सौरव गांगुली बोले- यह फैसला पूरी तरह से हैरान करने वाला

Written by:Gaurav Sharma
Published:
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर संकट मंडरा रहा है, क्योंकि पाकिस्तान ने मैच के बहिष्कार का फैसला किया है। इस फैसले पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने हैरानी जताते हुए इसे गलत बताया है। आईसीसी और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के दबाव के बाद पीसीबी अपने फैसले पर पुनर्विचार कर सकता है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट करेगा पाकिस्तान, सौरव गांगुली बोले- यह फैसला पूरी तरह से हैरान करने वाला

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांच के बीच क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता पर ग्रहण लग गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कोलंबो में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप-ए के मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला किया है। इस अप्रत्याशित कदम ने क्रिकेट प्रेमियों को निराश कर दिया है और अब इस पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष और कप्तान सौरव गांगुली की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब आईसीसी ने टूर्नामेंट से बांग्लादेश को बाहर कर दिया, जिसके बाद से ही पीसीबी लगातार अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का आदेश दिया है, जिसके बाद पीसीबी ने यह कदम उठाया।

गांगुली ने फैसले को बताया चौंकाने वाला

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने पीसीबी के इस फैसले पर गहरी हैरानी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में कोई भी टीम इस तरह से अंक नहीं गंवा सकती।

“यह फैसला पूरी तरह से हैरान करने वाला है। वैसे भी पाकिस्तान अपने मैच श्रीलंका में खेल रहा है, आप वर्ल्ड कप को जीतने आते हैं और ऐसे में हर एक प्वाइंट काफी अहमियत रखता है और आप इस तरह से प्वाइंट्स नहीं गंवा सकते हैं। पीसीबी के फैसले से हम सरप्राइज हैं, लेकिन यह उनके बोर्ड का फैसला है, तो क्या ही किया जा सकता है।”- सौरव गांगुली

गांगुली ने साफ तौर पर कहा कि विश्व कप का मंच राजनीति या विवाद के लिए नहीं, बल्कि क्रिकेट खेलने के लिए होता है और पाकिस्तान का यह कदम खेल भावना के खिलाफ है।

आईसीसी और पीसीबी के बीच बैठकों का दौर जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने तुरंत हस्तक्षेप किया है। आईसीसी और पीसीबी के अधिकारियों के बीच इस मुद्दे को सुलझाने के लिए लगातार बैठकें हो रही हैं। माना जा रहा है कि आईसीसी ने पीसीबी पर सख्त रुख अपनाया है और बहिष्कार का फैसला वापस लेने के लिए दबाव डाला है।

इसके अलावा, मैच का मेजबान श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) भी नहीं चाहता कि यह हाई-वोल्टेज मुकाबला रद्द हो। एसएलसी ने भी पीसीबी पर मैच खेलने के लिए दबाव बनाया है, क्योंकि इस मैच से उसे भारी राजस्व की उम्मीद है। इन दबावों के चलते यह लगभग तय माना जा रहा है कि पाकिस्तान अपने फैसले से यू-टर्न ले सकता है।

टूर्नामेंट में दोनों टीमों की दमदार शुरुआत

इस विवाद से इतर, दोनों ही टीमों ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी शुरुआत जीत के साथ की है। भारत और पाकिस्तान, दोनों ने अपना पहला-पहला मुकाबला जीत लिया है। हालांकि, बेहतर नेट रनरेट के आधार पर भारतीय टीम अभी ग्रुप-ए में अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है। फैंस को उम्मीद है कि यह विवाद जल्द सुलझेगा और उन्हें 15 फरवरी को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।