Hindi News

T20 World Cup 2026 में आज इंग्लैंड न्यूजीलैंड श्रीलंका के मैच, यहां जानिए कितनी बजे से शुरू होंगे?

Written by:Rishabh Namdev
Published:
T20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे दिन रविवार को तीन रोमांचक मुकाबले होंगे। न्यूजीलैंड-अफगानिस्तान, इंग्लैंड-नेपाल और श्रीलंका-आयरलैंड के बीच मैच चेन्नई, मुंबई और कोलंबो में खेले जाएंगे।
T20 World Cup 2026 में आज इंग्लैंड न्यूजीलैंड श्रीलंका के मैच, यहां जानिए कितनी बजे से शुरू होंगे?

T20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला दिन रोमांच से भरा रहा। अब टूर्नामेंट के दूसरे दिन भी तीन बड़े मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और श्रीलंका एक्शन में नजर आएंगी। रविवार को होने वाले तीनों मैचों की पूरी डिटेल्स, टॉस का समय, स्क्वाड और प्रसारण की जानकारी यहां उपलब्ध है।

चेन्नई में न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की भिड़ंत

दिन का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। सुबह साढ़े 10 बजे टॉस और 11 बजे मैच की शुरुआत होगी। चेन्नई की धीमी पिच पर अफगानिस्तान के स्पिनर्स कीवी टीम के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। राशिद खान की कप्तानी वाली अफगान टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, मोहम्मद नबी और नूर अहमद जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

न्यूजीलैंड की टीम मिचेल सैंटनर की कप्तानी में उतरेगी। फिन एलन, टिम सीफर्ट, रचिन रवीद्र, ग्लेन फिलिप्स और लॉकी फर्ग्यूसन प्रमुख खिलाड़ी हैं। इस मैच को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर टीवी और जियोस्टार पर मोबाइल पर लाइव देखा जा सकेगा।

वानखेड़े में इंग्लैंड का नेपाल से सामना

संडे का दूसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड और नेपाल के बीच होगा। दोपहर ढाई बजे टॉस, वहीं तीन बजे मैच शुरू होगा। इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन पहले ही घोषित कर दी है। हैरी ब्रूक की कप्तानी में फिल साल्ट, जोस बटलर, जैकब बेथेल, सैम कर्रन, जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद जैसे दिग्गज उतरेंगे।

नेपाल की टीम रोहित पौडेल की कप्तानी में मैदान में आएगी। संदीप लामिछाने, दीपेंद्र सिंह ऐरी, करण केसी और आसिफ शेख नेपाल के प्रमुख खिलाड़ी हैं। यह मुकाबला भी स्टार स्पोर्ट्स पर टीवी और जियोस्टार पर मोबाइल पर लाइव प्रसारित होगा।

कोलंबो में श्रीलंका-आयरलैंड का मुकाबला

दिन का तीसरा मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका और आयरलैंड के बीच खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार शाम साढ़े छह बजे टॉस और सात बजे मैच की शुरुआत होगी। दासुन शनाका की कप्तानी में पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, दुष्मंथा चमीरा और महेश थीक्षाना जैसे अनुभवी खिलाड़ी श्रीलंका के लिए उतरेंगे।

आयरलैंड की टीम पॉल स्टर्लिंग की कप्तानी में खेलेगी। हैरी टेक्टर, मार्क एडायर, बैरी मैकार्थी और कर्टिस कैम्फर प्रमुख खिलाड़ी हैं। यह मैच भी स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोस्टार पर लाइव देखा जा सकेगा।

तीनों मुकाबले अलग-अलग परिस्थितियों और चुनौतियों के साथ खेले जाएंगे, जो टूर्नामेंट को रोमांचक बनाएंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews